भाजपा नेता सहित दो की हत्या: चौबीस घंटे में दो हत्याओं के बाद तनाव, धारा 144 लागू...सख्त कार्रवाई की मांग
नईदिल्ली 19 दिसम्बर 2021। भाजपा समेत दो पार्टी की नेताओं की हत्या ने केरल के अलप्पुझा जिले में सनसनी पैदा कर ली है। घटना शनिवार और रविवार यानि आज सुबह की बताई जा रही है। सनसनीखेज वारदातों के बाद जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। अलप्पुझा में रविवार सुबह भाजपा नेता की हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान रंजीत श्रीनिवासन के रूप में हुई है जो भाजपा ओबीसी मोर्चा के सचिव थे। बताया जा रहा है कि सुबह-सुबह उनके घर में कुछ लोग घुसे और उनकी हत्या कर दी।
केरल में सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया के सचिव केएस शान पर हमले के बाद उन्हें अलाप्पुझा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद उन्हें कोच्चि रेफर किया गया जहां उनकी मौत हो गई। कथित तौर पर अज्ञात गिरोह के लोगों ने केएस शान पर हमला कर दिया था जिसके बाद उनकी मौत हो गई. उधर, एसडीपीआई नेता की हत्या के बाद पार्टी अध्यक्ष एमके फैजी ने मामले में राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ (आरएसएस) का हाथ होने का आरोप लगाया. केएस शान पर उस वक्त हमला हुआ था जब वे बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद केएस शान सड़क पर गिर गए. फिर कार सवार बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक बीजेपी नेता की हत्या के मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से कुछ के सीधे तौर पर मामले में शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।एक के बाद एक राजनीतिक हत्याओं के बाद जिले में तनाव है और आगे कोई अप्रिय स्थिति ना हो ऐसे में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जिले में पहुंच गए है। दो राजनीतिक हत्याओं ने राज्य को झकझोर कर रख दिया और जिले में दो दिनों के लिए निषेधाज्ञा (धारा 144) लगा दी गई।
वहीं, केरल के केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन का इस घटना पर बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, 'मुझे बताया गया है कि आज सुबह बीजेपी ओबीसी मोर्चा के राज्य सचिव की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह इस्लामिक आतंकवादी समूह का काम है, यह जानकारी एलेप्पी (अलाप्पुझा) से आ रही है। मैं राज्य सरकार से मांग करता हूं कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. उन्होंने आगे कहा, यह पहली घटना नहीं है, कुछ हफ्ते पहले पलक्कड़ में एक बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई थी। राज्य ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई नहीं की है। इसके बजाय, वे इस्लामी आतंकवादियों के साथ नरम रुख अपना रहे हैं, जिसने उन्हें और अधिक हिंसा में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया है।