एयरपोर्ट पर इंडिगो के दो विमान आपस में टकराने से बचे, डीजीसीए ने दिया जांच का आदेश
बेंगलुरु, 19 जनवरी 2022। एयरपोर्ट पर उड़ान भरने के तुरंत बाद इंडिगो के दो विमानं हवा में टकराने से बाल-बाल बच गए। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। यह घटना नौ जनवरी की सुबह हुई। बताते हैं, एटीसी ने दोनों विमानों को तत्काल डायरेक्टर चेंज करने कहा, वरना हवा में गंभीर दुर्घटना हो गई होती। आश्चर्य की बात है कि इस घटना को दबाने का पूरा प्रयास किया गया। किसी ने भी न इसकी रिपोर्टिंग की और न ही लॉग बुक में इसका उल्लेख किया गया। 10 दिन बाद इस वाकये का खुलासा हुआ तो विमानन महकमे के अफसर सन्न रह गए। विमानन नियामक डीजीसीए ने इसकी जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
डीजीसीए के वरिष्ठ अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि इस घटना को किसी लॉगबुक में दर्ज नहीं किया गया था। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने भी इसकी सूचना नहीं दी थी। अधिकारियों ने बताया कि इंडिगो का एक विमान 6ई455 बेंगलुरु से कोलकाता, जबकि दूसरा विमान 6ई246 बेंगलुरु से भुवनेश्वर जा रहा था। इन दोनों विमान ने सुबह करीब पांच मिनट के अंतराल में बेंगलुरु हवाईअड्डे से उड़ान भरी थी। कुछ ही पल में वे एक-दूसरे के पास आ गए। इस पर अप्रोच रडार कंट्रोलर ने डायवर्जिंग का संकेत दिया, जिससे दोनों विमानों के बीच हवा में टक्कर टल गई।
अधिकारियों ने बताया कि ये दोनों विमान बेंगलुरु हवाईअड्डे पर 'अलगाव के उल्लंघन' में शामिल थे। अलगाव का उल्लंघन तब होता है, जब दो विमान किसी हवाई क्षेत्र में न्यूनतम अनिवार्य क्षैतिज दूरी को पार कर लेते हैं। इस बीच, डीजीसीए के प्रमुख अरुण कुमार ने कहा कि इस घटना की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।