ट्रांसफर से बैन हटेगा!.. कैबिनेट की बैठक कल, ट्रांसफर पर बैन हटाने, महंगाई भत्ते, धान खरीदी और अनुपूरक बजट पर चर्चा संभव

Update: 2022-07-06 10:26 GMT

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में गुरुवार को कैबिनेट की बैठक होगी। इसमें सबकी नजर ट्रांसफर पर बैन हटाने के फैसले को लेकर है। ट्रांसफर पर पिछले दो साल से भी ज्यादा समय से बैन है और कर्मचारी अधिकारियों के साथ साथ मंत्री व कांग्रेस के नेता भी इंतजार में हैं। संभव है कि सरकार कैबिनेट में इस पर फैसला कर सकती है।

विधानसभा के मानसून सत्र से पहले कैबिनेट की बैठक में मुख्य रूप से अनुपूरक बजट, संशोधन विधेयक आदि पर चर्चा हो सकती है। खेती किसानी के सीजन में खाद बीज की उपलब्धता पर बात होगी। इसके अलावा इस साल धान खरीदी के लक्ष्य पर भी बात होगी। संभव है कि सरकार इस बार 100 लाख टन का लक्ष्य तय कर सकती है।

छत्तीसगढ़ के कर्मचारी अधिकारी महंगाई भत्ते को लेकर आंदोलित हैं। इस महीने हफ्तेभर हड़ताल करने की तैयारी है। संभव है कि सरकार कर्मचारियों के हित में महंगाई भत्ते का फैसला कर सकती है। इसी तरह कर्मचारियों को संतुष्ट करने के लिए ट्रांसफर पर बैन भी हटा सकती है। चर्चा है कि मंत्री विधायक और कार्यकर्ताओं का भी ट्रांसफर से बैन हटाने को लेकर दबाव है।

भेंट मुलाकात से मिले फीडबैक पर होगी बात

मुख्यमंत्री भेंट मुलाकात कार्यक्रम के अंतर्गत लगातार प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। बस्तर और सरगुजा संभाग के बाद अब गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले से बिलासपुर संभाग में भेंट मुलाकात की शुरुआत हो चुकी है। इस दौरान सीएम को जो फीडबैक मिले हैं, उस पर वे अधिकारियों से बात करेंगे और जो कमियां सामने आई हैं, उसे लेकर निर्देश देंगे। भेंट मुलाकात के दौरान सीएम ने जो घोषणाएं की हैं, उसकी पूर्ति के लिए अनुपूरक बजट में प्रावधान किया जाएगा।

Tags:    

Similar News