Train Accident in Odisha: ओडिशा में फिर ट्रेन हादसा, मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतरे...
Train Accident in Odisha: ओडिशा के बालासोर में भीषण रेल हादसे के बाद फिर से ट्रेन हादसे की जानकारी सामने आई है। मालगाड़ी के पांच डब्बे पटरी से उतर गए। घटना बरगढ़ जिले के सांभरधारा की है। मालगाड़ी में चूना पत्थर भरा हुआ था। हालांकि अच्छी बात ये है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, चूना पत्थर से भरी मालगाड़ी निजी सीमेंट कंपनी के द्वारा चलाया जा रहा था। यह नैरो गेज साइडिंग पर चल रही थी। कंपनी द्वारा ही रोलिंग स्टाॅफ, इंजन, वैगन, ट्रेन ट्रैक समेत सभी बुनियादी ढांचे का रखरखाव है। आज ये मालगाड़ी चूना पत्थर लेकर निकली थी। इस दौरान बरगढ़ के सांभरधारा के पास पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे की जानकारी मिलने के बाद रेलवे विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे है।
बता दें, इससे पहले बालासोर में शुक्रवार को दर्दनाक रेल हादसा हुआ था। बालासोर में बहानगा बाजार स्टेशन के पास ये हादसा हुआ था। यहां चेन्नई से हावड़ा जा रही 12841 कोरोमंडल एक्सप्रेस लूप लाइन में खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई थी। इसके बाद कोरोमंडल के कई डिब्बे पटरी से उतर गए थे। ये डिब्बे पास वाली लाइन से गुजर रही यशवंतपुर हावड़ा एक्सप्रेस से टकरा गए थे। इस हादसे में अब तक 275 लोगों की जान जा चुकी है। जबकि 1000 लोग जख्मी हुए। मृतकों में 187 शवों की पहचान नहीं हो पाई है।