ये स्मार्टफोन बम की तरह फटा: पॉकेट में रखा था मोबाइल, तभी हुआ जोरदार धमाका... युवक हुआ बुरी तरह से जख्मी....
नईदिल्ली 9 नवम्बर 2021. OnePlus Nord 2 को इसी साल जुलाई में भारत में लॉन्च किया गया था और उसके बाद से लगातार OnePlus Nord 2 में आग लगने की शिकायतें आ रही हैं। अब एक और OnePlus Nord 2 में आग लगने की खबर है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, फोन में ब्लास्ट की यह घटना महाराष्ट्र के धुले की है। ब्लास्ट के वक्त फोन यूजर की जींस की दाईं तरफ वाली पॉकेट में रखा था। फोन में हुए ब्लास्ट की कुछ तस्वीरें सुहित शर्मा नाम के एक ट्विटर यूजर ने शेयर की हैं। शेयर की गई तस्वीरों को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि ब्लास्ट कितना घातक था।
सुहित शर्मा नाम के एक ट्विटर यूजर ने ट्वीट करके कहा है कि उसके OnePlus Nord 2 में आग लग गई है जिसके कारण उसकी जांघ जल गई है। सुहित ने इस घटना की तस्वीरें भी शेयर की हैं जिसमें जख्म को देखा जा सकता है। तस्वीरें में साफ देखा जा सकता है कि यूजर के जींस की जेब जल गई है।
@OnePlus_IN Never expected this from you #OnePlusNord2Blast see what your product have done. Please be prepared for the consequences. Stop playing with peoples life. Because of you that boy is suffering contact asap. pic.twitter.com/5Wi9YCbnj8
— Suhit Sharma (@suhitrulz) November 3, 2021
ट्विटर यूजर ने फोन के बैक के भी कई फोटोज को शेयर किया है। फोटो को देखकर कहा जा सकता है कि फोन में नीचे बाईं तरफ से आग लगनी शुरू हुई। ब्लास्ट के वक्त फोन ट्रांसपैरंट TPU केस में था और इसे देखकर ऐसा लग रहा है कि ब्लास्ट के बाद यह नीचे से दो हिस्सों में फट गया है।
इस हादसे में यूजर की जांघ गंभीर रूप से जख्मी हो गई है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में यूजर की जान बच गई। वनप्लस नॉर्ड 2 में हुए ब्लास्ट के बारे में कंपनी ने भी आधिकारिक बयान जारी किया है।
कंपनी ने कहा, 'हम ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेते हैं। हमारी टीम यूजर के संपर्क में है और मामले की जांच के लिए हम जरूरी डीटेल जुटा रहे हैं।' फोन में ब्लास्ट होने की वजह क्या थी, इस बारे में अभी कंपनी की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई है।
OnePlus Nord 2 में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन इससे पहले एक अन्य OnePlus Nord 2 में आग लगने के बाद कंपनी ने कहा था कि यूजर का दावा झूठा है। OnePlus Nord 2 को भारत में 27,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया है।