कानपुर 2 जून 2022। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के बिल्हौर थाने के एक सिपाही की बुधवार देर रात गला रेत कर नृशंस हत्या कर दी गई है। इस वारदात की जानकारी उस वक्त हुई जब आज (02 जून) सुबह सिपाही का एक साथी किसी काम से उसके कमरे पर पहुंचा। कमरे में साथी सिपाही नजारा देख दंग रह गया। कमरे में खून से लथपथ सिपाही का शव बेड पर पड़ा हुआ था, जिसके बाद उसने घटना की सूचना तत्काल बिल्हौर थाना पुलिस को दी। हत्याकांड की जानकारी मिलते ही बिल्हौर थाना प्रभारी, एसपी आउटर और सीओ बिल्हौर भी मौके पर जांच करने पहुंचे।
बता दें कि बिल्हौर थाने में फिरोजाबाद पोस्ट पाढ़म गांव दयापुर के रहने वाले कांस्टेबल दीपक कुमार (30) तैनात थे। इसके साथ ही थाने से चंद कदम की दूरी पर ही किराए का कमरा लेकर रहते थे। गुरुवार सुबह फोन नहीं उठने पर साथी कांस्टेबल कमरे में पहुंचा, तो देश दीपक का रक्त रंजित शव बेड पर पड़ा हुआ पाया।
किसी ने धारदार हथियार से गर्दन रेतकर उसकी हत्या कर दी थी। बिल्हौर थाना प्रभारी ने हत्याकांड की जानकारी दीपक के परिजनों और उच्च अफसरों को दी। एसपी आउटर ने बताया कि हत्याकांड की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में किसी नजदीकी के हत्याकांड में शामिल होने की आशंका है।
बता दें, सिपाही की 22 अप्रैल को शादी हुई थी। कुछ दिन पहले ही शादी की छुट्टी पूरी करके ड्यूटी पर लौटा था। पुलिस हत्याकांड के पीछे प्रेम संबंध को भी जोड़कर देख रही है। सिपाही की कॉल डिटेल समेत अन्य जांच की जा रही है, जिससे कि हत्याकांड का खुलासा हो सके।