मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों के दौरान शिक्षक थे गायब, कलेक्टर ने की कार्रवाई... तीन शिक्षकों का रोका गया इंक्रीमेंट...

Update: 2022-05-05 15:55 GMT

बिलासपुर 5 मई 2022। स्कूल से गायब रहने वाले तीन शिक्षकों की वेतन वृद्धि रोकी गयी है। मुख्यमंत्री के दौरे के तैयारियों के मद्देनजर लगे शिविर में ग्रामीणों के द्वारा शिक्षकों के स्कूल से अनुपस्थित रहने की शिकायत मिली थी। जिसकी जांच कलेक्टर सारांश मित्तर द्वारा करवाई गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर स्कूल से अनुपस्थित तीन शिक्षकों को दंडित किया गया है।

बता दें, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश वासियों की समस्याएं जानने के लिए 4 मई से दौरे पर है। इस दौरान वे ग्रामीण क्षेत्रों का भी दौरा कर लोगो की समस्याएं सुन कर उसका निराकरण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर तैयारियों हेतु जिला प्रशासन ने जगह जगह शिविर लगा कर लोगो की समस्याएं सुनी थी,ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के पूर्व ही उनका निराकरण किया सकें। शिविर में जिले के कई विभागों के नोडल अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रो में जाकर ग्रामीणों की शिकायत सुन कर उसका निराकरण करने का प्रयासो में जुटे थे।

इसी क्रम में शिविर के दौरान बिलासपुर के मस्तूरी विकासखंड के ग्राम देवगांव में संचालित शासकीय प्राथमिक शाला में शिक्षकों के लगातार अनुपस्थित रहने की शिकायत ग्रामीणों द्वारा अधिकारियों से की गई थी। शिकायत की जानकारी लगने पर कलेक्टर सारांश मित्तर ने जिला शिक्षा अधिकारी डीके कौशिक को आकस्मिक निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की जानकारी पता लगाने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी डीके कौशिक 28 अप्रैल को स्कूल के आकस्मिक निरीक्षण में पहुँचे। निरीक्षण के दौरान प्रधान पाठक अजय रात्रे सहायक शिक्षक एलबी,हरिशंकर डहरिया व चंद्रभूषण सिंह राठौर (दोनो सहायक शिक्षक एलबी) बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले।

उपस्थित कर्मचारियों के बयान के अनुसार तीनो शिक्षक कार्यदिवस में नियमित तौर पर उपस्थित नही रहते हैं। जिस दिन उपस्थिति रहते हैं उस दिन भी कक्षाएं न लेकर शाला प्रांगण व गांव में घूमते रहते हैं।

शिक्षकों का कृत्य सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम तीन के विपरीत होने के कारण उनकी एक आगामी वेतन वृद्धि रोकी गयी। और भविष्य में एसी गलती न दोहराने के लिये कड़ी चेतावनी दी गयी।

Tags:    

Similar News