निष्कासन पर बवाल: युवा आयोग के सदस्य ने विधायक पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, जब पार्टी से निकाला गया, तब छलके आंसू
कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री (संगठन) ने जारी किया निष्कासन का आदेश
जगदलपुर, 03 मई 2022। छत्तीसगढ़ युवा आयोग के सदस्य और पूर्व प्रदेश सचिव अजय सिंह पार्टी से निष्कासन के बाद मंगलवार को भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू छलक गए। अजय सिंह ने अपनी ही पार्टी के विधायक विक्रम मंडावी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था, जिसके बाद पार्टी ने नोटिस जारी किया और फिर 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया। इसी विषय पर मीडिया से चर्चा करते हुए अजय की आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने निष्कासन के लिए विधायक को जिम्मेदार ठहराया है।
कई और पुरानी बातें खुलीं, पामभोई की मौत के लिए भी जिम्मेदार बताया
पार्टी से निष्कासन के बाद अजय सिंह विधायक मंडावी के खिलाफ मुखर हो गए हैं। अब उन्होंने भ्रष्टाचार के साथ-साथ पूर्व विधायक राजेंद्र पामभोई की मौत के लिए भी जिम्मेदार ठहराया है। अजय के मुताबिक मंडावी के कारण ही पामभोई को सदमा हुआ और उनकी जान चली गई। मंडावी ने कभी पार्टी के हित में काम नहीं किया, बल्कि पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।