कांग्रेस नेता के घर डकैती का Exclusive वीडियो: 3 बाइक में पहुँचे थे 7 डकैत, घटना के बाद 12 बजकर 10 मिनट में हुए फरार...सीसीटीवी फुटेज आया सामने
बिलासपुर 13 जनवरी 2022। कांग्रेस नेता के घर डकैती के बाद डकैतो का फर्स्ट फुटेज सामने आया है। तीन बाइक में 7 की संख्या में डकैत कांग्रेस नेता के घर पहुँचे थे। डकैती के बाद बिलासपुर- जांजगीर मेन रोड की तरफ भाग निकले है।
दरअसल ये घटना आज सुबह की है। कांग्रेस नेता टाकेश्वर पटेल का दर्रीघाट में बिलासपुर जांजगीर चाम्पा मेन रोड से लगभग दो किलोमीटर अंदर मकान है। सुबह नाश्ता कर के वो घर से निकले हुए थे। सुबह 11 बजे के लगभग बाइक में सवार 7 से 8 की संख्या में डकैत उनके घर पहुँचे और महिलाओं को बंदूक की नोक में डराया धमकाया फिर उनके हाथ बांध कर अलमारी में रखें ढाई लाख रुपये नगदी और सोने के जेवरात ले कर फरार हो गए।
सुबह 11 बजे हुई डकैती की घटना की सूचना घर के सदस्यों ने फोन कर पुलिस को दिया। मस्तूरी टीआई प्रकाश कांत ने इसकी जानकारी दोपहर लगभग 12 बजे उच्चाधिकारियों को दी। एक घण्टे में ही तकरीबन 1 बजे आईजी रतन लाल डांगी, एसएसपी पारुल माथुर, उमेश कश्यप एडिशनल एसपी, ग्रामीण रोहित झा, एडिशनल एसपी गरिमा द्विवेदी व टीआई, कलीम खान, प्रदीप आर्या,प्रकाश कांत के साथ घटना स्थल में पहुंचे थे। आईजी रतन लाल डाँगी, एसएसपी पारुल माथुर व तीनो एडिशनल एसपी ने घर की महिलाओं से बात की, जिसमे यह तथ्य सामने आया कि डकैत ऊंची कद काठी के थे और एक दूसरे से हिंदी में बात कर रहे थे।
मस्तूरी कांग्रेस नेता ताकेश्वर पटेल के यहाँ हुई डकैती का CCTV फुटेज आया सामने... pic.twitter.com/7GnmI0z3Wc
— NPG.News (@newpowergame) January 13, 2022
डकैती के बाद डॉग स्क्वायड से घटना स्थल का मुआयना करवाया गया। और आईजी एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर डकैतो का पता लगाने के लिए मुखबिर लगाने के साथ ही टेक्निकल एविडेंस जुटाने के निर्देश अपनी टीम को दिए। आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करने के निर्देश भी दोनो अधिकारियों द्वारा दिये गए। जिसके बाद पुलिस टीम ने कांग्रेस नेता के घर आस पास के सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया। कांग्रेस नेता के घर से बिलासपुर- जांजगीर मेन रोड आने के रास्ते मे ही अप्रोच रोड में पंजाब एंड सिंध बैंक संचालित है। बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने निकलवाया।
उक्त फुटेज में तीन बाइक में 7 बाइक सवार हेलमेट व मास्क पहन कर जाते हुए कैप्चर हुए है। पहली बाइक में तीन डकैत, दूसरी बाइक में दो और तीसरी बाइक में भी दो डकैत भागते हुए दिखाई दे रहे है। डकैतों के भागने का समय 12.10 है। पुलिस उक्त फुटेज के अलावा अन्य माध्यमों से भी डकैतों की तलाश कर रही हैं। डकैतों को पकड़ने के लिये चारो तरफ नाकेबंदी कर दी गयी है।
एसएसपी पारुल माथुर ने मस्तूरी थाने के अलावा 4 स्पेशल टीमें बनाई है। प्रत्येक टीम में 10- 10 पुलिस कर्मियों को रखा गया हैं। पहली टीम टेक्निकल एविडेंस जुटाने के लिये है, जो तकनीकी साक्ष्य जुटाएगी। दूसरी टीम सीसीटीवी फुटेज के संकलन के लिए बनी है। वही तीसरी टीम लोकल इनपुट तो चौथी फील्ड फील्ड इन्विगेस्टकेशन के लिए बनी है।
एसएसपी माथुर ने पीड़ितों से बात करने के बाद मीडिया से बातचीत में बताया कि "आरोपियो के पास कट्टा जैसा वेपन था। और डकैती की घटना के दौरान कोई भी हताहत नही हुआ है। आरोपियो ने अलमारी में रखें ढाई लाख कैश व लगभग तीन लाख रुपये के गहने अपने साथ ले गए हैं"