विधानसभा में मंत्री भगत के विभागों पर प्रश्नकाल.. विपक्ष करेगा बहिष्कार ?

Update: 2022-03-21 03:06 GMT

रायपुर,21 मार्च 2022।विधानसभा में कल प्रश्नकाल में मंत्री अमरजीत भगत के विभागों पर प्रश्न लगे हैं, और इस कारण ही यह प्रश्न सामने आ गया है कि विपक्ष सदन में किए गए पूर्व घोषणा के अनुरूप क्या इसका बहिष्कार कर देगा। वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने यह स्पष्ट किया है कि बहिष्कार जारी है और रहेगा।

मंत्री भगत ने मछलीबाजार शब्द का प्रयोग विपक्ष के प्रदर्शन पर कर दिया था, जिसके बाद भड़के विपक्ष ने मंत्री अमरजीत भगत के विभाग पर चर्चा या कि विभाग से जुड़े किसी भी विषय पर कोई चर्चा ना करने का सदन में ऐलान कर दिया था। मंत्री अमरजीत भगत की टिप्पणी पर मंत्री भगत की ओर से ना तो खेद आया है और ना ही उन्होंने इसे लेकर कोई स्पष्टीकरण दिया, जिसके बाद विपक्ष बहिष्कार पर और अडिग हो गया।

कल के प्रश्नकाल पर विपक्ष के इस मसले पर मंत्री अमरजीत भगत से संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई लेकिन उनके कार्यालय ने बताया कि वे कल के प्रश्नकाल को लेकर विभागीय अधिकारियों से ब्रीफ़िंग में व्यस्त हैं।

हालाँकि इसका समाधान इस रुप में हो सकता है कि कल मंत्री अमरजीत भगत खेद प्रकट कर दें, लेकिन क्या वे ऐसा करेंगे और कर देंगे तो क्या विपक्ष तब सहमत होगा ? दोनों ही स्थितियों के लिए कल का इंतज़ार करना होगा।

Similar News