CG में प्री मानसून की बारिश: राजधानी सहित राजनांदगांव, भिलाई, जशपुर में बारिश, तेज हवाएं चल रहीं; अगले पांच दिन तक अधिकांश शहरों में बारिश के संकेत

आने वाले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ बौछारें, 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा, गर्मी से मिलेगी राहत।

Update: 2022-06-11 16:29 GMT

रायपुर, 11 जून 2022। छत्तीसगढ़ में शनिवार से प्री मानसून बारिश की शुरुआत हो गई। आज सुबह से ही राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए थे। इसके बाद दोपहर से कवर्धा में बारिश की शुरुआत हुई। शाम-रात को राजधानी रायपुर के कुछ हिस्सों के साथ जशपुर, राजनांदगांव और भिलाई में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आने वाले पांच दिनों में प्रदेश में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई है। इसी दौरान प्रदेश में मानसून की दस्तक होने की उम्मीद है।


राज्य के दक्षिणी हिस्से बस्तर में सामान्य स्थिति में 10 जून को मानसून की दस्तक हो जाती है। इसी के साथ प्रदेश के अन्य हिस्सों में प्री मानसून की बारिश भी शुरू हो जाती है। इस बार मानसून कई दिनों तक कर्नाटक के पास ही अटका रह गया। बंगाल की खाड़ी में कोई मजबूत सिस्टम नहीं बनने के कारण मानसून आगे नहीं बढ़ रहा था। अब मानसून आगे बढ़ने लगा है।

इसके साथ ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम में बदलाव नजर आने लगा है। राजधानी रायपुर सहित अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे और 40-41 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान रिकॉर्ड किया गया है। शाम होते-होते राजनांदगांव और भिलाई में अच्छी बारिश की खबर आई। भिलाई में करीब एक घंटे झमाझम बारिश हुई है। राजधानी के चंगोराभाठा सहित कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश हुई है। रायपुर , दुर्ग व सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट हुई है।

Tags:    

Similar News