प्रधानमंत्री की सभा में ब्लास्ट : भाषण के दौरान स्मोक बम से हमला, बाल बाल बचे प्रधानमंत्री, आरोपी गिरफ्तार
NPG डेस्क. जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा पर स्मोक बम से हमले की खबर आ रही है. यह हमला ऐसे समय में हुआ जब वे एक सभा में भाषण दे रहे थे. हालांकि, हमले में वे बाल बाल बच गए. वहीं, पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. यह पहला मामला नहीं है, जब जापान में प्रधानमंत्री पर इस तरह हमला हुआ है. तीन साल पहले पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे (67 वर्ष) पर भाषण के दौरान हमला हुआ था. हमलावर ने उन पर दो गोलियां चलाई थीं, जिसमें उनकी मौत हो गई थी.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीएम किशिदा वाकायामा शहर पहुंचे थे. वे सत्ताधारी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के एक उम्मीदवार के समर्थन में संबोधित करने पहुंचे थे. वे अपना भाषण शुरू करने वाले थे, तभी ब्लास्ट हुआ. स्मोक बम फटने के बाद चारों तरफ धुआं धुआं हो गया. लोगों में अफरातफरी मच गई. मौके पर मौजूद पुलिस टीमें सक्रिय हुईं और स्मोक बम फेंकने वाले को तत्काल दबोच लिया गया. वहीं, पीएम किशिदा को उनकी सुरक्षा में लगी टीम ने तत्काल अपने घेरे में ले लिया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
गौरतलब है कि इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर हमला हुआ था. 8 जुलाई 2020 को भाषण के दौरान उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. आबे चुनाव प्रचार में पहुंचे थे. तभी उन पर हमला हुआ था.
आपको बता दें कि जापान में प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था भारत के प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था से एकदम अलग है. जापान में बहुत कम विदेशी रहते हैं. वहां का कानून काफी कड़ा है. जापान को सुरक्षित देश माना जाता है, इसलिए वहां ज्यादा सुरक्षा दस्ते की जरूरत नहीं होती. हालांकि, दूसरी बार किसी बड़े राजनेता पर हमले के बाद अब नए सिरे से समीक्षा की जरूरत बताई जा रही है.