जिले के लिए जंगल से निकले लोग! खैरागढ़ उपचुनाव में भरी गर्मी में 78% मतदान, जंगल के बूथों में दिखा ज्यादा उत्साह

खैरागढ़ उपचुनाव में सबसे ज्यादा और सबसे कम वोटिंग प्रतिशत के बीच हुआ मतदान

Update: 2022-04-12 14:07 GMT

खैरागढ़, 12 अप्रैल 2022। खैरागढ़ उपचुनाव के लिए मतदान समाप्त हो चुका है। उपचुनाव में वोटिंग के लिए मतदाताओं में जबर्दस्त उत्साह रहा। यही वजह है कि 40 डिग्री तापमान में भी 100 में 78 लोग वोट डालने के लिए पहुंचे। इसमें भी रोचक बात यह है कि दूर जंगल से भी लोग वोट डालने के लिए आए थे। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिला और साल्हेवारा तहसील बनने के उत्साह में लोगों ने वोट दिया। हालांकि वोटिंग के बाद कांग्रेस के साथ ही भाजपा ने भी जीत का दावा किया है।

राज्य बनने के बाद से अब तक 75 प्रतिशत से ज्यादा ही मतदान

खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के मतदाता राज्य बनने के बाद से ही मतदान के लिए काफी जागरूक रहे हैं। राज्य बनने के बाद अब तक 75 फीसदी से कम मतदान कभी नहीं रहा। 2003 आम चुनाव में 78.21%, 2007 उपचुनाव में 75.19%, 2008 आम चुनाव में 76.46%, 2013 में 84.04% और 2018 में 84.39% मतदान हुआ था। अब उपचुनाव में 77.88% मतदान हुआ है। इसमें 78.92 प्रतिशत पुरुष और 77.74 प्रतिशत महिला वोटरों ने मताधिकार का प्रयोग किया।

71वां विधायक चुनेगी खैरागढ़ की जनता: मरकाम

पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि खैरागढ़ की जनता ने यह सुनिश्चित कर दिया है कि कांग्रेस का 71वां विधायक खैरागढ़ से होगा। उन्होंने प्रचंड मतदान के लिए खैरागढ़ के मतदाताओं का आभार जताया है। मरकाम ने कहा कि खैरागढ़ की जनता ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लेकर कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार के अब तक के जनकल्याणकारी कार्यकाल और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई को जिला बनाने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। आरएसएस और भाजपा लगातार खैरागढ़ में कांग्रेस सरकार के खिलाफ झूठ, फरेब, अफवाह फैलाने का षड्यंत्र रच रहे थे, राज्य से बाहर से आकर भाजपा के नेता खैरागढ़ में झूठ बोल रहे थे।

मतदाताओं का उत्साह भाजपा के पक्ष में: साय

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने मतदान के लिए खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि तपती गर्मी में खैरागढ़ क्षेत्र के मतदाताओं ने जो उत्साह दिखाया है, वह अभूतपूर्व है। प्रत्येक आयु वर्ग के मतदाताओं ने इस उपचुनाव में जिस उत्साह के साथ लोकतंत्र को मजबूत करने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है, सुबह से ही मतदाताओं का जोश और उत्साह लोकतंत्र के प्रति उनके आस्था को प्रकट कर रहा था। मतदाताओं का उत्साह निश्चित ही भाजपा के पक्ष में सकारात्मक परिणाम लाने वाला साबित होगा और 16 अप्रैल को भाजपा के पक्ष में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।

Tags:    

Similar News