दर्दनाक: तेज रफ्तार ट्रक ने आंदोलन कर रहे किसानों को रौंदा... 3 महिला किसान की मौत, हादसे में तीन गंभीर रुप से घायल

Update: 2021-10-28 04:05 GMT

नईदिल्ली 28 अक्टूबर 2021। हरियाणा के झज्जर जिले में आज सुबह-सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में आज सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने आंदोलनकारी किसान महिलाओं को कुचल दिया, जिसमें 3 की मौत हुई और तीन गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि ये तीनों मृतक आंदोलनकारी महिलाएं पंजाब के मानसा जिले की थी।

गौरतलब हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। शवों को अपने कब्जे में प्राथमिक जांच कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शव गृह पहुंचाया गया है। घटना के बाद चालक डंपर को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

मृतक आंदोलनकारी किसान महिलाओं में छिंदर कौर पत्नी भान सिंह उम्र 60 साल, अमरजीत कौर पत्नी हरजीत सिंह उम्र 58 वर्ष, गुरमेल कौर पत्नी भोला सिंह उम्र करीब 60 वर्ष शामिल हैं। पंजाब के जिला मानसा के गांव खीवा दयालुवाला की निवासी ये महिलाएं झज्जर रोड फ्लाईओवर के निकट बाईपास पर रह रही थीं।

बता दें कि बीते एक साल से किसानों का आंदोलन चल रहा है। दिल्ली के विभिन्न बार्डर पर किसान तीन कृषि कानून को निरस्त करने की मांग को लेकर डटे हुए हैं। दिल्ली के अलावा हरियाणा समेत कई और राज्यों में किसान प्रदर्शन कर रहे हैं।

Similar News