कार में जलकर एक की मौतः तेज रफ़्तार कार ने मवेशी को मारी टक्कर, हादसे के बाद कार में लगी भीषण आग, कार सवार एक की जलकर मौत, दो गंभीर
रायपुर 25 अक्टूबर 2021। राजधानी के तेलीबांधा में तड़के सुबह घूमने निकले तीन दोस्तों की कार हादसे का शिकार हो गई है। हादसे के बाद कार में भीषण आग लग गई, जिसकी वजह से कार सवार तीन बुरी तरह से झुलस गये है। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई है। वहीं दो लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र के राजीव गांधी नगर रोड़ स्थित शराब दुकान के पास की है।
दरअसल आज सुबह राजीव गांधी नगर निवासी राहुल निषाद 15 वर्ष अपने दो दोस्त धीरज सोकन और एक अन्य के साथ घूमने के लिए सुबह 4 बजे कार से निकले थे। इस दौरान तेलीबांधा शराब भट्ठी के पास खड़े मवेशी से टकरा गई, जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर रोड़ किनारे बंद सब्जी की दुकान में जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि, घटना के कुछ देर बाद ही कार में भीषण आग लग गई। आग इतने तेजी से कार में फैली कि, अंदर बैठे तीनों लड़के इसकी चपेट में आ गये। बताया जा रहा है कि, घटना के दौरान कार तेज रफ़्तार में थी।
इधर जैसे ही घटना की जानकारी पुलिस को मिली तो कार सवार तीनों को बाहर निकाला गया। वहीं इस घटना के संबंध मे जानकारी देते हुये तेलीबांधा टीआई सोनल ग्वाला ने बताया कि, एक्सीडेंट के बाद हुई आगजनी में तीनों युवक बुरी तरह से झुलस गये है, जिसके बाद तीनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। कार सवार राहुल निषाद की मौत हो गई। वहीं दो अन्य गंभीर है, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस मामला दर्ज कर इसकी जांच में जुट गई है।