ध्यान दें: 1 दिसंबर से बदलने जा रहे हैं कुछ नियम... जिनका आपकी जेब पर पड़ेगा असर, जानिए
नईदिल्ली 27 नवम्बर 2021. हर नए महीने की पहली तारीख को कुछ नए नियम लागू होते हैं या फिर पुराने नियमों में कुछ परिवर्तन होता है. नवंबर का महीने खत्म होने को है और 4 दिन के बाद नया महीना शुरू होने जा रहा है. 1 दिसंबर को भी कुछ नए नियम लागू होंगे. आज हम आपको इन्हीं के बारे में जानकारी देंगे.
हर महीने की पहली तारीख को गैस सिलेंडर के दामों की समीक्षा का जाती है. इसके बाद नई कीमतें तय होती हैं. हर महीने की 1 तारीख को कमर्शियल और घरेलू सिलेंडरों के नये रेट जारी किए जाते हैं. समीक्षा के बाद संभावना रहती है कि सिलेंडर के दाम बढ़ेंगे या घटेंगे. ऐसा भी होता है कि कीमतों में कोई बदलाव न किया जाए.
बता दें कि ईपीएफओ (EPFO) ने यूएएन (UAN) और आधार को लिंक करने की समयसीमा पहले से ही बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी गई है. जानकारी के मुताबिक, अब इसमें और विस्तार की उम्मीद नहीं है. ऐसे में जिन्होंने अब तक यूएएन-आधार (UAN-Aadhaar) लिंक नहीं किया है, उन्हें 1 दिसंबर से पहले यह काम को निपटा लेना होगा. अन्यथा उन्हें बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है. दरअसल, समयसीमा के भीतर यूएएन-आधार लिंक नहीं करा पाने पर अंशधारकों के खाते में पीएफ (PF) जमा नहीं हो पाएगा. ऐसे अंशधारक पीएफ खाते से निकासी भी नहीं कर सकेंगे.
वहीं, अगर जिन लोगों ने 30 नवंबर तक यूएएन-आधार लिंक नहीं कराया, उन्हें बड़ा नुकसान हो सकता है. ईपीएफओ ने Employees Deposit Linked Insurance (EDLI) के लिए भी यूएएन-आधार लिंकिंग को अनिवार्य बना दिया है. ऐसा नहीं करने पर कर्मचारी का प्रीमियम जमा नहीं हो सकेगा और सात लाख रुपये तक के बीमा कवर का नुकसान हो सकता है.
साथ ही सरकारी पेंशनर्स के लिए जीवन पत्र जमा करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर है. इस समयसीमा के भीतर जीवन पत्र नहीं जमा करा पाने वाले सरकारी पेंशनर्स को पेंशन मिलना बंद हो जाएगा. ईपीएफओ के एक हालिया ट्वीट के अनुसार, सरकारी पेंशनर्स को 30 नवंबर तक जीवन पत्र जमा कराना होगा, जो एक साल के लिए वैध होगा. यह काम घर बैठे डिजिटली किया जा सकता है.
इधर, एसबीआई क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए भी दिसंबर से बदलाव आने वाला है. बताया जा रहा है कि एसबीआई क्रेडिट कार्ड से ईएमआई पर खरीदारी करना महंगा हो जाएगा. अभी तक एसबीआई कार्ड सिर्फ ब्याज वसूल करती थी, लेकिन अब ईएमआई पर खरीदारी करने पर प्रोसेसिंग फी भी देना होगा और इसका सीधा असर एसबीआई क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों की जेब पर पड़ेगा.