नौ की दर्दनाक मौत: बारातियों से भरी बोलेरो ने खड़ी ट्रेलर को मारी जोरदार टक्कर... नौ लोगों की मौत, दो गंभीर
लखनऊ 22 मई 2022. सिद्धार्थनगर में हुए एक्सीडेंट में 9 बारातियों की मौत हो गई है। हादसा उस वक्त हुआ जब बारात से लौट रही एक बोलेरो ने सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों का उपचार जारी है। घटना शनिवार रात जोगिया कोतवाली क्षेत्र के नौगढ़ बांसी मार्ग पर स्थित कटया गांव के पास की है।
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के महला गांव से शनिवार को बारात शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के महुअवा गांव गई हुई थी। देर रात बारात से एक बोलेरो में ड्राइवर समेत 11 लोग वापस घर आ रहे थे। अभी वह जोगिया थाना क्षेत्र के कटया गांव के पास पहुंचे ही थे कि बोलेरो सड़क के किनारे खड़ी ट्रेलर में घुस गई। इसमें महला गांव निवासी सचिन पाल(10) पुत्र कृपानाथ पाल, मुकेश पाल(35) पुत्र विभूती पाल, लाला पासवान(26), शिवसागर यादव(18) पुत्र प्रभु यादव, रवि पासवान(19) पुत्र राजाराम, पिंटू गुप्त (25)पुत्र शिवपूजन गुप्त, व चिल्हिया थाना क्षेत्र के खम्हरिया गांव निवासी गौरव मौर्य पुत्र राम सहाय की मौत हो गई। जबकि महला गांव निवासी राम भरत पासवान उर्फ शिव(48) पुत्र तिलक राम पासवान, सुरेश उर्फ चीनक(40) पुत्र पून्नू लाल पासवान, विक्की पासवान(18) पुत्र अमर पासवान, शुभम(20) पुत्र कल्लू गौंड़ घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने किसी तरीके से सभी को बाहर निकाला गया। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 9 लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिद्धार्थनगर में हुए सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराए जाने के निर्देश दिए हैं।