नीट परीक्षा स्थगित: इस वजह से स्वास्थ्य मंत्रालय ने लिया फैसला, जारी किया आदेश, जानिए...
नईदिल्ली 4 फरवरी 2022। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने नीट पीजी परीक्षा 2022 को टाल दिया है। परीक्षा 12 मार्च, 2022 को होनी थी। नीट पीजी परीक्षा को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी थी। मंत्रालय ने कहा है कि इस वर्ष की परीक्षा 6-8 सप्ताह आगे के लिए टाल दी गई है. नीट पीजी 2022 परीक्षा 12 मार्च को आयोजित की जानी थी।
बता दें कि छात्रों का कहना है कि पिछले वर्ष यानी 2021 की नीट पीजी काउंसलिंग की डेट्स इस वर्ष की परीक्षा की तिथि के साथ क्लैश हो रही है. ऐसे में आगामी परीक्षा को स्थगित किया जाना चाहिए। छात्रों ने इसके लिए सोशल मीडिया पर कैंपेन भी चलाया। छात्रों ने स्वास्थ्य मंत्रालय से लगातार गुहार लगाते हुए कहा था कि इस मामले में जल्द से जल्द कोई निर्णय लिया जाए। इतना ही नहीं, छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर की जिस पर विचार के लिए कोर्ट ने स्वीकृति भी दे दी।
याचिकाकर्ताओं छात्रों का कहना था कि सैकड़ों एमबीबीएस स्नातक, जिनकी इंटर्नशिप कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए लगाई गई उनकी ड्यूटी के कारण अटकी हुई थी। ऐसे सैकड़ों छात्र इस अनिवार्य इंटर्नशिप ड्यूटी को पूरी नहीं कर पाने के कारण नीट पीजी 2022 की परीक्षा में शामिल होने से चूक जाएंगे। जबकि इसमें उनकी कोई गलती नहीं है। इसलिए, याचिका में परीक्षा स्थगित करने की मांग की गई है।
याचिका के जरिये नीट पीजी के सूचना बुलेटिन में दी गई शर्त, इंटर्नशिप पूरा करने के लिए 31 मई, 2022 की समय सीमा, को भी को चुनौती दी गई थी। याचिकाकर्ताओं ने 1500 उम्मीदवारों के समर्थन के साथ आग्रह किया है कि वे वर्ष 2021 में कोविड ड्यूटी में थे और इसलिए उनकी इंटर्नशिप स्थगित कर दी गई थी। याचिका में 31 मई से इंटर्नशिप पूरा करने की समय-सीमा बढ़ाने और फिर परीक्षा टालने की मांग की गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने अब छात्रों की मांगों को जायज मानते हुए परीक्षा 6 से 8 हफ्ते के लिए स्थगित कर दिया है।