ND (ADANI) TV: एनडीटीवी से प्रणय रॉय और राधिका रॉय का इस्तीफा, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में तीन नई नियुक्तियां; 403 करोड़ का कर्ज बना फांस
NPG ब्यूरो। एनडीटीवी (न्यू दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड) से प्रणय रॉय और राधिका रॉय ने इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही अडानी समूह द्वारा एनडीटीवी के अधिग्रहण का रास्ता साफ हो गया है। एनडीटीवी की ओर से स्टॉक एक्सचेंज को यह जानकारी दी गई है कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में सुदीप्त भट्टाचार्य, संजय पुगलिया और सेंथिल सिन्नैया चेंगलवारायण की नियुक्ति की गई है। बता दें, प्रणय रॉय एनडीटीवी के अध्यक्ष और राधिका कार्यकारी निदेशक थीं।
अडानी ग्रुप ने इस साल अगस्त में एनडीटीवी लिमिटेड में 29.18% हिस्सेदारी खरीद ली थी। इस खबर ने मीडिया इंडस्ट्री को चौंकाया था। उस समय अडानी ग्रुप द्वारा एनडीटीवी के अधिग्रहण की बात हुई थी, लेकिन एनडीटीवी की ओर से यह जानकारी दी गई थी कि उनके पास अभी भी 26 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इधर, एनडीटीवी ने 26 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए पहल की, जिससे पूरी हिस्सेदारी खरीद सके।
सेबी के नियमों के हिसाब से अडानी ग्रुप ने 22 नवंबर को ओपन ऑफर लॉन्च किया। यह ऑफर 5 दिसंबर तक खुला रहेगा। अब रॉय दंपति के सामने एनडीटीवी का मालिकाना हक बचाने के लिए काउंटर ऑफर शुरू करने की जरूरत है, लेकिन इसके लिए बड़ी रकम की जरूरत थी। संभवत: इसका बंदोबस्त करना आसान नहीं था, इसलिए रॉय दंपति ने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स से इस्तीफा दे दिया।
दरअसल, एनडीटीवी ने 2009-10 में वीसीपीएल से 403.85 करोड़ का ब्याज मुक्त कर्ज लिया था। इसके बदले प्रणव रॉय की स्वामित्व वाली आरआरपीआर होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने वीसीपीएल को वारंट जारी किया था। इस वारंट ने वीसीपीएल को कर्ज को आरआरपीआर में 99.9 प्रतिशत हिस्सेदारी में बदलने का अधिकार दिया था। आरआरपीआर या एनडीटीवी को कर्ज देने के लिए वीसीपीएल ने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अधीनस्थ कंपनी रिलायंस स्ट्रैटजिक वेंचर्स से पैसा जुटाया था।
अडानी ग्रुप के अधीन कंपनी एएमजी मीडिया नेववर्क्स ने वीसीपीएल को इस साल 23 अगस्त को खरीद लिया। इस समय तक एनडीटीवी ने वीसीपीएल का कर्ज नहीं चुकाया था। इस खबर से ही यह चर्चा शुरू हुई कि अडानी ने एनडीटीवी का अधिग्रहण कर दिया। हालांकि तब एनडीटीवी की ओर से स्टॉक एक्सचेंज को यह बताया गया कि उनसे चर्चा के बिना सीपीएल नोटिस दिया गया। एनडीटीवी में रॉय दंपति की हिस्सेदारी 32.36 प्रतिशत है। इसमें प्रणय रॉय का 15.94 प्रतिशत और राधिका रॉय का 16.32 प्रतिशत हिस्सा शामिल है।