मां मैने तेरा सुहाग उजाड़ दिया है... शराब पीकर गाली गलौज कर रहे पिता को बेटे ने उतारा मौत के घाट....फिर मां को कहा, मैने पापा की हत्या कर दी....

Update: 2021-11-04 08:22 GMT

बलौदाबाजार 4 नवंबर 2021। शराब पीकर गाली गलौज कर रहे पिता की गला दबाकर बेटे ने हत्या कर दी है। हत्या के बाद खुद इसकी जानकारी अपने माॅ को दी। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ़्तार कर उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के मुताबिक घटना पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़पार गुड़ी चैक की है। बुधवार की दोपहार भगवंतीन सेन अपनी बेटी के साथ घर पर थी, तभी उसका पति भगवती सेन शराब पीकर आया और पत्नी से गाली गलौज करने लगा। इस बीच बड़ा बेटा दुलेश्वर सेन भी काम करके घर में खाना खाने आया तो गाली दे रहे पिता के कमरे में जाकर उसे समझाने की कोशिश करने लगा। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि, बेटे ने अपने पिता की गला घोंट कर हत्या कर दी।

इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक की पत्नी कमरे में पहुंची तो उसका पति मृत हालत में जमीन पर पड़ा हुआ था। साथ ही बगल में उसका बेटा चुपचाप बैठा हुआ था। मां ने जब अपने बेटे से पूछा कि, क्या हुआ तो रोते हुये बेटे ने कहा कि, ''मां मैने तेरा सुहाग उजाड़ दिया है। पापा को गला दबाकर मार दिया है।''

वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ़्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ पुलिस 302 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Similar News