सत्ता समीकरण पर मंत्री चौबे का सधा इशारा: बोले मंत्री चौबे "आठ घंटे की मैराथन बैठक से सब स्पष्ट है.. कहीं कोई सवाल ही नहीं उठता.."

Update: 2021-10-21 16:16 GMT

रायपुर,21 अक्टूबर 2021। कलेक्टर कॉंफ़्रेंस के आठ घंटे की मैराथन बैठक में क़रीब पौन घंटे के लंच ब्रेक का मौक़ा छोड़ दें तो बैठक बग़ैर ब्रेक जारी रही। इस मैराथन बैठक में मुख्यमंत्री बघेल के जाते ही रविन्द्र चौबे के पास मीडिया वालों ने घेरा बनाया और सवालों की बौछार कर दी।

बेहद परिपक्व और सुदीर्घ राजनैतिक अनुभव रखने वाले मंत्री रविंद्र चौबे ने सधे अंदाज में कहा

"सोशल मीडिया पर जो गैरजवाबदेही से खबरें तैरती हैं उसे लेकर मुख्यमंत्री जी ने चिंता जताई है, और अधिकारियों को इस विषय पर सजगता से कार्य और कार्यवाही करने को कहा है।"

मंत्री रविंद्र चौबे ने ठीक इसके बाद मुस्कुराते हुए कहा

"आठ घंटे की मैराथन बैठक ली गई है, सारी समीक्षा की गई है, इसके बाद कहीं कोई सवाल रह जाता है क्या ? यह सफल बैठक ही सब कुछ स्पष्ट कर देती है.. कहीं कोई सवाल शंका की जगह ही कहाँ है"

पत्रकारों ने मंत्री चौबे से चुहल करते हुए पूछा

"क्या आप यह बता पाएंगे स्वास्थ्य मंत्री कहाँ है और कब तक वापस आएँगे"

अपनी गाड़ी की ओर बढ़ते हुए मंत्री चौबे ने इस सवाल के मर्म को समझा और पलट कर उन्होंने झट से कहा

"माननीय स्वास्थ्य मंत्री जी ने कल ही अपने विभाग की मैराथन समीक्षा बैठक ली है.. वे अभी अपने विभाग की और बैठक लेने वाले हैं.. उन्होंने भी अपने विभागों की समीक्षा बैठक ली है.. याने सभी अपना दायित्व निभा रहे हैं"

Similar News