47 डिग्री पहुंचा पारा: रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में लू, ऐसी स्थिति कल भी; एक-दो जगहों पर बारिश की संभावना

राजनांदगांव में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा, राजधानी में एक ही दिन में 1.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि, यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस से अधिक है।

Update: 2022-04-30 13:20 GMT

रायपुर, 30 अप्रैल 2022। छत्तीसगढ़ के अधिकांश शहर शनिवार को गर्म हवा के थपेड़ों से झुलस गए। सुबह 8-9 बजे से ही धूप तेज हो गई और अंधेरा होने के बाद भी गर्म हवाओं ने परेशान किया। छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान 47 डिग्री के पास पहुंच गया। महासमुंद में 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है, जो अब तक का सर्वाधिक है। राजनांदगांव में सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान दर्ज किया गया।

मौसम केंद्र से जारी रिपोर्ट के मुताबिक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। रायपुर और बिलासपुर संभाग में लू चली। वहीं, दुर्ग संभाग में एक-दो स्थानों पर लू जैसी स्थिति रही। दुर्ग व बिलासपुर सभाग में अधिकतम तापमान में बड़ी बढ़त देखने को मिली। रायपुर व सरगुजा संभाग में तापमान सामान्य से अधिक रहा। राजधानी में शनिवार को 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। जगदलपुर को छोड़कर बाकी सारे स्थानों पर तापमान 40 डिग्री से ज्यादा है।

दो दिन में अधिकतम तापमान में अंतर

शहर         29 अप्रैल         30 अप्रैल

रायपुर          43.4            44.6

माना             44.2           43.3

बिलासपुर      44.2           45.4

पेंड्रारोड        42.6            42.6

अंबिकापुर     42.3            41.9

जगदलपुर     39.5             38.6

दुर्ग               42.6             44.6

राजनांदगांव  42.6             44.5

(डिग्री सेल्सियस में)

लू की संभावना, बारिश भी हो सकती है

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक एक द्रोणिका मध्य छत्तीसगढ़ से लक्षद्वीप तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश के मध्य और उत्तर भाग में उत्तर से गर्म और शुष्क हवा का आगमन लगातार जारी है, जबकि दक्षिण भाग में अपेक्षाकृत ठंडी और नमी युक्त हवा आ रही है। प्रदेश में 01 मई को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। 01 मई को अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। कुछ स्थानों पर ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बन सकती है। बिलासपुर संभाग के पूर्वी जिलों में अधिकतम तापमान में थोड़ी सी गिरावट होने की संभावना है। जहां-जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक है, वहां ग्रीष्म लहर की स्थिति है। इन स्थानों में रविवार को भी ग्रीष्म लहर रहने की संभावना है।

Tags:    

Similar News