शराब दुकान में मारपीट और लूटः गार्ड को जबरदस्ती पिलाई शराब, फिर बंधक बनाकर ले भागे थे कैश तिजोरी ... मगर निकली खाली तो उड़ गये होश ... मोबाइल लोकेशन और डीवीआर की मदद से ऐसे पकड़े गये तीन लूटेरे
राजनांदगांव 20 अक्टूबर 2021। पांच दिन पहले शराब दुकान में हुई लूट और मारपीट मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ़्तार किया है। तीनों आरोपियों को पुलिस ने दुर्ग के कुम्हारी से पकड़ा है। साथ ही आरोपियों के कब्जे से तलवार हथौड़ी और कार भी जब्त किया गया है।
दरअसल 15 अक्टूबर की रात नकाब पहने छह आरोपी डोंगरगढ़ के कटली विदेशी शराब दुकान में घुस आये और वहां मौजूद तीन चौकीदारों से मारपीट करने लगे। मारपीट की इस घटना के बाद आरोपियों ने चौकीदार को बंधक बनाकर शराब दुकान में रखी कैश तिजोरी अपने साथ ले भागे। घटना के बाद पीड़ितो ने इसकी शिकायत डोंगरगढ़ थाने में दर्ज कराई। लूट और मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुये एसपी डी श्रवण ने एडिशनल एसपी जय प्रकाश बढ़ई और एसडीओपी कृष्णा पटेल को जांच कर आरोपियों को पकड़ने के आदेश दिये।
पुलिस ने घटना वाली जगह पर लगे सीसीटीवी और डीवीआर की मदद से इसकी जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने एक संदेही राकेश यादव को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अपने छह दोस्तों के साथ मिलकर लूट और मारपीट की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस ने इस मामले में राकेश यादव 19 साल, शुभम नंदेश्वर 24 वर्ष और राहुल चौधरी 23 वर्ष को दुर्ग कुम्हारी से गिरफ़्तार किया गया।
शराब पीकर बनाई लूट की योजना
पुलिस पूछताछ में आरोपी राकेश यादव ने बताया कि, 15 तारीख को दशहरे की सभी ने मिलकर शराब पी और फिर शराब दुकान में लूट की योजना बनाई। चूँकि राकेश पूर्व में कटली शराब दुकान में काम कर चुका था। इसलिए उसे पता था कि, दुकान में दो से तीन दिनों का कैस तिजौरी में रखा होता है।
गार्ड को शराब पिलाई और फिर बनाया बंधक
लूट की योजना बनाने के बाद सभी आरोपी हथियार और औजारों से लैस होकर एक कार में देर रात 2 बजे के आसपास कटली शराब दुकान पहुंचे। यहां पर दुकान की सुरक्षा में तैनात तीन चौकीदारों से गली गलौज कर मारपीट करने लगे। आरोपी हाथों में राॅड, तलवार और डंडा पकड़े हुये थे। इसके बाद लूट करने आये छह आरोपियों में दो आरोपी कार के पास पहरा देने के लिए रूक गये और राकेश सहित चार आरोपी शराब दुकान के शटर का ताला तोड़कर दुकान के अंदर घूस आये। इस दौरान आरोपियों ने गार्ड को भी अपने साथ शराब दुकान के अंदर लाकर उन्हें जबरन शराब पिलाई और फिर तीनों को बंधक बनाकर दुकान में रखी कैश तिजोरी और महँगी शराब की बोतले अपने साथ लेकर फरार हो गए।
गार्ड को बंधक बनाकर ले भागे तिजोरी
मारपीट और लूट की इस घटना के बाद सभी आरोपी कार में तिजोरी भर कर गोंदिया की ओर भाग निकले थे। गोंदिया में जाकर जब तिजोरी तोड़कर सभी ने देखा तो उनके होश उड़ गये। दरअसल कैस भरा समझकर लूटेरों ने जिस तिजोरी को अपने साथ लेकर आये थे वो तो असल में खाली तिजोरी थी, जो काफी वजनदार थी। खाली तिजौरी हाथ लगने के बाद सभी आरोपी गोंदिया के एक नाले में तिजोरी को फ़ेंक कर दूसरे दिन अपने अपने घर कुम्हारी दुर्ग आ गये थे।
मोबाइल लोकेशन और डीवीआर की मदद से पकड़े गये आरोपी
आरोपियों ने लूट की घटना के दौरान शराब दुकान में लगे सारे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिये थे। इसके बाद भी एक डीवीआर पुलिस को मौके से बरामद हुआ था। पुलिस ने इसी डीवीआर की मदद से आरोपियों के फूटेज खंगालना शुरू किया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को आरोपियों का सुराग मिला था। वहीं पुलिस को मुखबिर से पता चला कि, राकेश यादव कुछ समय पहले शराब दुकान में काम कर चुका था और घटना वाली उसके मोबाइल का लोकेशन भी मौके पर पाया गया था। संदेह के आधार पर पुलिस ने राकेश को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की तो आरोपी ने छह लोगों के साथ मिलकर लूट और मारपीट की घटना करने की बात कबूल कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद राकेश के दो और साथी शुभम और राहुल को भी गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं इस मामले में एसडीओपी कृष्णा पटेल ने एनपीजी से चर्चा करते हुये बताया कि, तीन आरोपियों को गिरफ़्तार किया गया है। साथ ही फरार तीन आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ़्तार कर लिया जाएगा। पकड़े गये सभी आरापियों के खिलाफ 395,397, 450, 342 और 25,27 आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।