जज की पत्नी ने भाई के घर की आत्महत्या: मोबाइल घर छोड़कर कल से थी लापता, शव के पास मिला सुसाइड नोट...
नईदिल्ली 29 मई 2022। दिल्ली की एक कोर्ट के जज की पत्नी ने अपने करीबी रिश्तेदार के घर पर शनिवार को आत्महत्या कर ली है। शव के पास से तीन सुसाइड नोट भी बरामद हुए हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मुताबिक, साकेत कोर्ट रेजीडेंशियल कॉम्प्लेक्स निवासी अशोक बेनीवाल ने शनिवार रात लगभग 10.30 पुलिस को सूचित किया कि उनकी पत्नी अनुपमा (42) सुबह लगभग 11.30 बजे मालवीय नगर मार्केट गई थीं लेकिन वापस नहीं लौटीं। इसके बाद साकेत पुलिस थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। एक फुटेज में एक ऑटो रिक्शा को चिह्नित कर उसके मालिक का पता लगाया गया जो रघुबीर नगर की जेजे कॉलोनी निवासी का निकला। पुलिस टीम मौके पर पहुंची ऑटो चालक ने बताया कि उसने अनुपमा बेनीवाल को मैदान गढ़ी क्षेत्र में राजपुर खुर्द में उतारा था। जब यह जानकारी जज को दी गई तो उन्होंने बताया कि अनुपमा बेनीवाल के भाई वहां रहते हैं।
इसके बाद अशोक बेनीवाल पुलिस टीम के साथ राजपुर खुर्द एक्सटेंशन पहुंचे। घर अंदर से बंद था। लोहे की ग्रिल तोड़कर घर का दरवाजा खोला गया। अंदर अनुपमा बेनीवाल का शव पंखे से दुपट्टे से लटका मिला। यह पहली मंजिल पर एक खाली फ्लैट था, जबकि उनके भाई का परिवार दूसरी मंजिल पर रहता है। शव के पास से तीन सुसाइड नोट भी मिले हैं।
आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को एम्स की मोर्चरी में रखवा दिया है। आगे की जांच की जा रही है।