गर्ल्स हॉस्टल में खुफिया कैमरा, BSP कर्मी देखा करता था छात्राओं को, पुलिस ने किया गिरफ्तार, 11 दिनों का रिकार्डिंग भी जब्त
दुर्ग 30 दिसम्बर 2021। गर्ल्स हॉस्टल संचालित करने वाले बीएसपी कर्मी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। गर्ल्स हॉस्टल में हिडन कैमरा लगा कर बीएसपी कर्मी छात्राओं की वीडियो अपने मोबाइल में देखा करता था। मामले में मिली जानकारी के अनुसार दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र के आशीष नगर में बीएसपी कर्मी फगन लाल पवार अपने मकान में गर्ल्स हॉस्टल सन्चालित करता है। जबकि वह स्वयं सेक्टर 5 में रहता है।
उसने अपने हॉस्टल में हिडन कैमरा लगा रखा था,जिसको अपने मोबाईल से कनेक्ट कर के कभी भी हॉस्टल में रह रही छात्राओं की गतिविधियों को देखा करता था। एक माह पहले उसने कालेज में पढ़ने वाली 5 छात्राओं को कमरा किराए पर दिया था।
लड़कियों को अचानक शक होने पर उन्होंने बारीकी से कमरे की तलाशी ली,जिस पर उन्हें हर कैमरे में हिडन कैमरा लगा मिला,हिडन कैमरे की जानकारी लगते ही लड़कियों के होश फाख्ता हो गए और उन्होंने हॉस्टल मालिक से बात की। जिस पर हॉस्टल मालिक साफ मुकर गया।
तब छात्राओं ने इसकी शिकायत नेवई पुलिस से की। पुलिस ने शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए आरोपी बीएसपी कर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसका मोबाईल और हिडन कैमरे का डीवीआर जब्त किया। डीवीआर मे हॉस्टल के कमरों की 11 दिन की स्टोरेज मिल गयी। पुलिस ने आरोपी बीएसपी कर्मी फगन लाल पवार पर धारा 354,66ई के तहत अपराध दर्ज किया हैं।