दिल दहलाने वाली वारदात: घर के अंदर तीन बच्चों की हत्या कर फंदे पर लटक गई मां...जानें क्या है वजह

Update: 2021-12-04 13:08 GMT

महोबा 4 दिसम्बर 2021। यूपी के महोबा जिले के कुलपहाड़ कस्बे में शनिवार की सुबह एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। कुलपहाड़ कस्बा के कठवरिया मोहल्ले में एक मकान के अंदर बंद कमरे में तीन मासूम बच्चों की हत्या और उनकी मां का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला। एक साथ 3 बच्चों और महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। इस हत्याकांड के पीछे माना जा रहा है कि महिला ने पहले अपने तीनों बच्चों की गला रेतकर हत्या करने के बाद फांसी के फंदे पर लटक कर अपनी जान दे दी है।  इस घटना के सामने आने के बाद जिले में मातम छाया हुआ है। शुरुआती जांच में इसके पीछे गृह कलह को कारण बताया जा रहा है. यह घटना कुलपहाड थाना क्षेत्र के कटवरिया मुहाल की है। मृतक महिला के परिजन ससुराल के लोगों पर आरोप लगा रहे हैं। 

कुलपहाड़ के कठवरिया मोहल्ले में कल्याण सिंह मकान के कमरे में पत्नी सोनम, बच्चों 11 वर्षीय विशाल, नौ साल की आरती, सात साल की अंजली के साथ रहता था। कल्याण मजदूरी और खेती करके परिवार का पालन पोषण कर रहा था और शुक्रवार की शाम खाना खाने के बाद वह खेतों में पानी लगाने गया था। वह रात में खेतों पर ही रुक गया था और सुबह जब घर लौटा तो दरवाजा बंद मिला। इसपर उसने पत्नी सोनम को आवाज दी लेकिन काफी देर तक कोई आवाज न मिलने पर वह पड़ोसी के मकान से होते अपने घर की छत पर गया। मकान के अंदर जाकर देखा तो कमरे में फंदे पर पत्नी 33 वर्षीय सोनम लटकी हुई थी और पास में ही पुत्र 11 वर्षीय विशाल का रक्त रंजित शव पड़ा था। चारपाई पर नौ साल की आरती और सात साल की अंजली पर रजाई ओढ़ाई गई थी। इसपर कल्याण ने पड़ोसियों के साथ पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी होते ही पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।

घर आई पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और कमरे में दाखिल हुई। चारपाई पर दोनों बेटियों के शव खून से लथपथ पड़े मिले। बच्चों की गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस ने तलाशी ली तो खून से सना टूटा हुआ हंसिया भी पड़ा मिला। सीओ तेज बहादुर सिंह, कुलपहाड़ कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार ने आसपास के लोगों और पति से पूछताछ की। सीओ ने कहा कि प्रथम दृष्टया बच्चों की गला रेतकर हत्या के बाद महिला ने फांसी का फंदा लगा कर आत्महत्याक की है। फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच करके वारदात की वजह का पता किया जा रहा है। मकान में सिर्फ एक ही कमरा है, जिससे पुलिस पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह ने बताया कि हर पहलू से जांच की जा रही है। शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा जा रहा है। फोरेंसिक टीम ने जांच की है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात के पीछे की असली वजह क्या है। महिला के मायके वालों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है. जल्द ही इस मामले को सुलझा लिया जाएगा।

Similar News