हवाई यात्रियों के लिए अच्छी खबर: अंतरराष्ट्रीय उड़ान 15 दिसंबर से फिर होंगी शुरू...भारत सरकार का बड़ा फैसला
नईदिल्ली 26 नवम्बर 2021. वैश्विक कोरोना वायरस महामारी के कारण पिछले साल मार्च के बाद से भारत में आने वाली और यहां से अन्यत्र जाने वाली अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों को लेकर बड़ी खबर आयी है. नागर विमानन मंत्रालय ने बताया कि भारत से/के लिए शेड्यूल कमर्शियल इंटरनेशनल पैसेंजर सर्विस 15 दिसंबर 2021 से शुरू की जा सकती है. नागर विमानन मंत्रालय ने बताया कि भारत 15 दिसंबर से अनुसूचित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन शुरू करेगा.
— DGCA (@DGCAIndia) November 26, 2021
पिछले साल कोरोना के चलते 23 मार्च को देश में नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन बंद कर दिया गया था. हालांकि इसके बाद समय-समय पर कई देशों के साथ एयर बबल पैक्ट किए गए और उनके बीच सीमित हवाई सेवा शुरू की गई. अभी भारत का करीब 28 देशों के साथ एयर बबल पैक्ट है.भारत ने 28 देशों के साथ एयर बबल पैक्ट किया है. इसमें अमेरिका, ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात, केन्या, भूटान और फ्रांस जैसे देश शामिल हैं जहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन हो रहा है.
हालाँकि लगभग 14 ऐसे देश हैं जो उड़ानों के शुरू होने का इंतजार कर रहे थे वहां कोरोना के मामलों के फिर से बढ़ने की वजह से उन सभी देशों में अभी भी प्रतिबंध लागू रहेगा.
इससे पहले स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने दक्षिण अफ्रीका में कोरोना के नए मिले वैरिएंट B.1.1.529 को लेकर चिंता जताई. हाल में वीजा प्रतिबंधों में दी गई राहत के संदर्भ में उन्होंने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को इस वैरिएंट के तेजी से फैलने की वजह से सचेत रहने को लेकर एक चिट्ठी भी भेजी थी. बोत्सवाना, दक्षिण अफ्रीका और हांग कांग में इस वैरिएंट के कंफर्म केस मिले हैं.
एयर बबल पैक्ट के तहत दो देशों के बीच सिर्फ चुनिंदा एयरलाइंस के माध्यम से विशेष इंटरनेशनल फ्लाइट्स का संचालन किया जाता है. वहीं यात्रा करने के लिए कई कड़े प्रतिबंध भी होते हैं. हालांकि हाल में नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा था कि सरकार इंटरनेशनल फ्लाइट्स के संचालन को सामान्य करना चाहती है.
गौरतलब है कि भारत आने-जाने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें कोविड-19 महामारी के कारण 23 मार्च, 2020 से ही बंद हैं। हालांकि, पिछले साल जुलाई से करीब 28 देशों के साथ हुए एयर बबल समझौते के तहत विशेष अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानें संचालित हो रही हैं। नागर विमानन मंत्रालय ने एक आदेश में कहा, 'भारत आने-जाने वाली अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक यात्री उड़ानों को फिर से शुरू करने के संबंध में फैसला गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सलाह से लिया गया है। सभी ने मिलकर भारत ये आने-जाने वाली अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों को 15 दिसंबर से फिर से शुरू करने का निर्णय किया है।'