एशियन पेंट के नीचे 2 करोड़ का गांजा... नाकाबंदी कर जांच कर रही थी पुलिस, ट्रक का सामान दिखाने में क्लीनर ने की आनाकानी तो निकला 10 क्विंटल गांजा
विशाखापत्तनम से पेंट लोड कर निकले थे राजस्थान के दो तस्कर, सालूर घाटी के पास किया गांजा लोड
धमतरी, 21 अप्रैल 2022। जिले के इतिहास में पुलिस ने पहली बार दो करोड़ का गांजा जब्त किया है। यह गांजा कलर पेंट के डिब्बों के नीचे छिपाया गया था। पुलिस ने राजस्थान के भीलवाड़ा के दो तस्करों को पकड़ा है, जो विशाखापत्तनम से ट्रक में कलर पेंट लेकर निकले थे और सालूर घाटी के पास जंगल में दो किलोमीटर अंदर से गांजा लोड कर लिया। आरोपियों ने 46 प्लास्टिक बोरियों में गांजा रखा और उसके ऊपर पेंट लोड कर दिया। बीच में पॉलीथिन भी था।
नाकेबंदी लगाकर बैठी थी पुलिस...कोई अंदेशा भी नहीं था कि इतनी बड़ी उपलब्धि हाथ लग जाएगी
पुलिस के पास गांजे की इतनी बड़ी खेप के संबंध में पहले से कोई टिप नहीं थी। बोराई थाने की पुलिस बैरियर लगाकर गाड़ियों की जांच कर रही थी। इस बीच राजस्थान का एक ट्रक RJ 06 GC 3522 को पुलिस ने यूं ही जांच के लिए रोका। ट्रक में भीलवाड़ा के गोपाल गुर्जर (22 वर्ष) और प्रभुलाल गुर्जर (22 वर्ष) थे। पुलिस ने पीछे लोड सामान की जांच करने के लिए डाला खोलने के लिए कहा। ट्रक ड्राइवर और क्लीनर ने डाला तो दिखा दिया, लेकिन पेंट के नीचे जो कुछ दिखा, उसके बारे में पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपियों की जबान लड़खड़ा गई। अब तो पुलिस टीम ने भी ठान लिया कि वे पॉलीथिन के नीचे रखे सामान को देखेंगे। जब पॉलीथिन हटाकर चेक किया तो उसमें गांजे की इतनी बड़ी खेप देखकर आंखें खुली की खुली रह गईं। तत्काल सीनियर अफसरों को खबर दी गई। पुलिस ने गांजे का वजन कराया, जो 10.50 क्विंटल निकला। इसी कीमत 2 करोड़ 11 लाख आंकी गई है।