छुट्टियों के मजे: एक दिन की छुट्टी लेने पर हफ्तेभर का मजा पर एसपी-कलेक्टर और उनके स्टाफ को करना होगा काम, क्योंकि..

Update: 2021-10-13 16:16 GMT

रायपुर, 13 अक्टूबर 2021। छत्तीसगढ़ के सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों को एक दिन की छुट्टी लेने पर हफ्तेभर की छुट्टियों का मजा मिलेगा। इस प्लान के साथ बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों ने छुट्टी का आवेदन भी दे दिया है और कुछ तो कल वेकेशन पर निकल भी जाएंगे। हालांकि एसपी और कलेक्टर के साथ उनके स्टाफ को छुट्टियां नहीं मिल पाएंगी। यही स्थिति सचिव स्तर के अधिकारियों की भी होगी। दरअसल, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 21 अक्टूबर को एसपी और 22 अक्टूबर को कलेक्टर्स कांफ्रेंस लेंगे। ऐसे में सभी को अपना बढ़िया प्रजेंटेशन बनाना है, जिससे मुख्यमंत्री से शाबासी मिले। इसके लिए उनको दफ्तर में ही रहना होगा। गृह विभाग ने तो 18 अक्टूबर को ही सभी एसपी से रिपोर्ट मांगी है।

ये है हफ्तेभर की छुट्टियों का गणित

इस हफ्ते गुरुवार 14 अक्टूबर को बिलासपुर-रायपुर समेत कई जिलों में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। शुक्रवार को दशहरे की छुट्टी है। शनिवार थर्ड सटरडे, फिर रविवार की छुट्टी है। सोमवार 18 अक्टूबर को एक दिन दफ्तर खुलेंगे। उसके बाद मंगलवार को ईद की छुट्टी पड़ रही है। एक दिन सोमवार को छुट्टी लेने पर शासकीय कर्मियों को 6 दिन की छुट्टियों का मजा मिल सकेगा।

Tags:    

Similar News