पूर्व CM ने छोड़ी BJP: टिकट नहीं मिलने से नाराज , अब लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव...
नईदिल्ली 22 जनवरी 2022. गोवा विधानसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं देने से नाराज राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता लक्ष्मीकांत पारसेकर ने शनिवार को कहा कि वह भाजपा से इस्तीफा दे देंगे। पारसेकर 2014 से 2017 के बीच गोवा के मुख्यमंत्री थे. उन्हें मनोहर पर्रिकर को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के बाद राज्य का मुख्यमंत्री चुना गया था.
लक्ष्मीकांत पारसेकर ने कहा, 'मैं वर्षों तक बीजेपी का सदस्य रहा, लेकिन पार्टी ने मुझे हल्के में लिया. मैंने खुद को पार्टी से अलग करने की तैयारी कर ली है और स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने का फैसला किया है. मैं एक दो दिनों में इस घोषणा के साथ सामने आऊंगा.' पारसेकर फिलहाल आगामी गोवा चुनाव के लिए बीजेपी की घोषणा-पत्र समिति के प्रमुख हैं और पार्टी को कोर समिति के भी सदस्य हैं.
पारसेकर ने कहा, 'मैं एक ईमानदार बीजेपी कार्यकर्ता था. मैंने जो भी विकास कार्य किया वह जनता के पैसे से किया, न कि मेरी जेब से. लेकिन आज, वे विकास कार्य लंबित हैं. मुझे लगता है कि यह मेरी जिम्मेदारी है. अगर वे पूरे नहीं हुए तो जनता के पैसे को बर्बाद करने का दुख मेरे मन में रहेगा, तो उस विकास कार्य को पूरा करने के लिए मुझे सरकार में पार्टी में शामिल होने की जरूरत नहीं है. मुझे मंत्री या मुख्यमंत्री होने की भी जरूरत नहीं है. मैं विधायक के रूप में उन विकास कार्यों को भी पूरा कर सकता हूं.'
भाजपा ने 14 फरवरी के गोवा विधानसभा चुनाव के लिए 34 प्रत्याशियों की पहली सूची की घोषणा कर दी है. राज्य में विधानसभा की 40 सीट हैं. गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सांकेलिम क्षेत्र और उपमुख्यमंत्री मनोहर अजगांवकर मडगांव से उम्मीदवार बनाया गया है.