Ex PM को मारी गोली: राजीव गांधी की तरह चुनाव प्रचार के दौरान जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे को गोली मारी, हालत नाजुक

Update: 2022-07-08 04:35 GMT

टोक्यो 08 जुलाई 2022। भारत के दोस्त जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की आज सुबह नारा शहर में गोली मार दी गई। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तरह ही उन पर चुनाव प्रचार के भाषण के दौरान फायरिंग की गई। वे एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान गोली लगने से वे अचानक गिर पड़े। उन्हें सीने पर दो गोली मारी गईं। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके अंगों ने काम करना बंद कर दिया है। एएफपी और कुछ मीडिया सूत्रों का दावा है कि शिंजो आबे का निधन हो गया है। लेकिन इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस ने मौके से 42 साल के हमलावर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से गन बरामद हुई है।

हमलावर ने गोली किसने और क्यों मारी ये भी साफ नहीं हो सका है। ये भी कहा जा रहा है कि गोली लगने के बाद शिंजो को दिल का दौरा भी पड़ा। लेकिन अभी इसके बारे में किसी का आधिकारिक बयान नहीं आया है। आपको बता दें कि 67 साल के ​​​​​​शिंजो लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी पार्टी से जुड़े हैं। आबे 2006-07 के दौरान प्रधानमंत्री रहे। शिंजो ने 2007 में प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। जापान के प्रधानमंत्री रहते हुए शिंजो आबे ने दो बार भारत का दौरा किया और वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी बहुत अच्छे दोस्त थे। दोनों देशों के बीच कई बड़े विकास कार्यों पर सहमति बनी थी, इसी में एक बुलेट ट्रेन भी है। जिसे जापान की मदद से भारत में मुंबई और अहमदाबाद के बीच चलाए जाने के प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है।

Similar News