कांग्रेस में चुनाव: छत्तीसगढ़ में पहली बार कांग्रेस में 19.50 लाख सदस्य बनें, अब अगले महीने से संगठन चुनाव की कवायद

छत्तीसगढ़ बनने के बाद अब तक इतनी संख्या में कांग्रेस में सदस्य नहीं बने थे

Update: 2022-05-04 06:52 GMT

रायपुर, 04 मई 2022। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के सदस्यों की संख्या 19.50 लाख पहुंच गई है। यह पहला मौका है, जब इतनी संख्या में सदस्य बनाए गए हैं। एआईसीसी ने छत्तीसगढ़ को जो लक्ष्य दिया था, उससे दोगुना सदस्य बनाए गए हैं। इस परफॉर्मेंस के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने भी तारीफ की है। अब जून से चुनावी कवायद शुरू हो जाएगी। चुनाव अधिकारियों का दौरा शुरू हो जाएगा।

कांग्रेस संगठन चुनाव की पहली कड़ी के रूप में सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई थी। इसकी पहली कड़ी में मेनुअल सदस्यता अभियान चलाया गया। इसके बाद डिजिटल अभियान चला। छत्तीसगढ़ में पहली बार 7.50 लाख सदस्य बने, जबकि डिजिटल अभियान में रिकॉर्ड 12 लाख लोगों को जोड़ा गया।

सदस्यता अभियान के प्रभारी और प्रभारी महामंत्री (संगठन) अमरजीत चावला ने बताया कि छत्तीसगढ़ में कभी इतनी संख्या में कांग्रेस के सदस्य नहीं थे। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद जितनी तेजी से राज्य सरकार ने फैसले लिए, किसानों, महिलाओं और युवाओं को फोकस कर योजनाएं बनाईं, उसका परिणाम है कि कांग्रेस से जुड़ने के लिए लोगों में जबर्दस्त रुझान दिखा।

ब्लॉक, जिले और प्रदेश के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष

कांग्रेस में पहले ब्लॉक स्तर पर चुनाव होंगे। इसके बाद जिला और फिर प्रदेश स्तर पर चुनाव होंगे। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय डेलीगेट मिलकर करेंगे।

Tags:    

Similar News