डांस करते हुए युवक की मौत: दोस्त की शादी में डीजे के पीछे नाच रहा था लड़का, गिरा तो फिर उठा नहीं...
उज्जैन 7 मई 2022। बारात में डीजे की धुन में डांस कर रहे एक बाराती की मौत हो गई है। इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर इसकी जांच शुरू कर दी है। मृतक युवक का नाम लालसिंह निवासी उज्जैन के पास ग्राम अंबोदिया डेम का रहने वाला था।
जानकारी के मुताबिक, घटना पंवासा थाना क्षेत्र की है। गुरुवार को लालसिंह अपने दोस्त के बारात में शामिल होने मक्सी रोड स्थित ताजपुर आया था। गांव से बारात डीजे के साथ निकल रही थी। इस दौरान लाल सिंह भी डीजे में दोस्तों के साथ डांस कर रहा था और डांस का वीडियो भी अपने मोबाइल पर रिकॉर्ड कर रहा था। इस बीच लालसिंग अचानक जमीन पर गिर पड़ा। लोगों ने युवक को उठाने की कोशिश की और पानी भी पिलाया पर वो होश में नहीं आया, जिसके बाद दोस्तों ने उसे तत्काल उठाकर डॉक्टर के पास लाये। स्थिति नाजुक होने के चलते यहां से उसे उज्जैन ले जाया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि डीजे में तय मात्रा से ज्यादा डेसिबल वाला साउंड मानव शरीर के लिए हानिकारक होता है। इसका असर हार्ट और ब्रेन दोनों पर होता है। लड़के का बिसारा जब्त किया गया है। हार्ट में क्लॉट मिला है। आगे रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का पता चल पाएगा।