दर्दनाक: घर पर मलबा गिरने से एक परिवार के 8 लोगों की मौत, मां से लिपटे मिले बच्चों के शव...
मंडी। हिमाचल में बाढ़ की वजह से मंडी जिले के काशन इलाके में एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि काशन पंचायत के वर्तमान प्रधान खेम सिंह के घर के पीछे से पहाड़ से मलबा आने से सभी लोग दब गए। इस घटना से समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार खेम सिंह के 2 मंजिला मकान में परिवार के सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात को पहाड़ी धंसने से परिवार के 8 लोग दब गए। इधर दो मंजिला मकान ध्वस्त होने की जानकारी शनिवार सुबह जैसे ही लोगों को मिली तो करीब एक हजार लोग हादसे वाली जगह पहुंच गए और बचाव एवं राहत कार्य भी शुरू कर दिया। करीब डेढ़ सौ लोगों ने उनके जिंदा होने की उम्मीद के बीच वर्षा के बावजूद रास्ता तैयार कर जेसीबी को घटनास्थल पर पहुंचा दिया। कटर व हथौड़े से छत की चादरें काटने में भी जुट गए, लेकिन पंचायत प्रधान व परिवार के अन्य सदस्यों के जिंदा होने की उनकी उम्मीद थोड़ी देर बाद धूमिल हो गई। अंदर का मंजर देख हर कोई दंग रह गया। बताया जा रहा है कि जिस घर में 8 लोगों की मौत हुई, पुलिस ने जब शव निकालने के लिए तोड़ा तो उनकी आंखें नम हो गईं। बेड पर मृत पड़ी मां बच्चों को सीने से लगाए हुई थी। यह मंजर देखकर हर कोई रोने लगा।
फिलहाल सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मरने वालों में गांव के प्रधान खेम सिंह, पत्नी, बच्चे, उनकी भाभी, भाई के दो बच्चे और उनके ससुर शामिल है। सभी गहरी नींद सोए हुए थे।