दर्दनाक- आठ की मौत: स्कूटर चार्ज करते वक्त शोरूम में लगी भीषण आग, आठ की मौत... पीएम ने जताया शोक
NPG डेस्क: तेलंगाना के सिकंदराबाद में इलेक्ट्रिक स्कूटर शोरूम में आग लगने से 8 लोगों की मौत हो गई। यह घटना उस वक्त हुई जब इलेक्ट्रिक स्कूटर चार्ज किया जा रहा था। पुलिस ने अब तक आठ लोगों की इस घटना में मारे जाने की पुष्टि की है। मृतकों में एक महिला भी है। आग लगने की वजह शॉट सर्किट बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, शोरूम के बैटरी चार्जिंग यूनिट में आग लगी, जिसने बाद में विकराल रूप ले लिया। ज्यादातर की मौत दम घुटने की वजह से हुई।
अधिकारियों ने बताया, शोरूम के ऊपर लॉज भी स्थित है। आग लगने के कारण पहले व दूसरे माले पर धुंआ भर गया, जिससे लोगों का दम घुटने लगा। इसके बाद लोगों ने इमारत से कूदकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, कई लोग इसमें फंस गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला और लोगों को इमारत से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि इस घटना में पांच नए स्कूटर व सर्विसिंग के लिए आए 12 पुराने स्कूटर जल कर खाक हो गए।
घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। उन्होंने कहा, सिकंदराबाद में आग लगने से हुई आठ लोगों की मौत से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये व घायलों को 50,000 रुपये के भुगतान का एलान किया।