कोरिया में घमासान जारी: प्रस्तावित नए ज़िले के नक़्शे पर चुनाव बहिष्कार का मसला,भाजपा बसपा सपा की कलेक्टर को दो टूक - "हम बहिष्कार करते हैं" कांग्रेसी बोल-"चुनाव स्थगित करिए"

Update: 2021-11-27 16:34 GMT

बैकुंठपुर,27 नवंबर 2021। कोरिया को विभाजित कर नए ज़िले के प्रस्तावित प्रारुप को लेकर विरोध अपने चरम पर है। बैकुंठपुर और शिवपुर-चर्चा में आयोजित नगरीय निकाय चुनाव को लेकर बहिष्कार के मानस के बीच नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस की बैठक हुई, और बैठक के ठीक बाद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर के पास पहुँचा और ज्ञापन सौंप चुनाव को अभी टाले जाने की माँग रखी है।ज्ञापन में लिखा गया है - ".. सभी राजनैतिक दल एवं गणमान्य नागरिकों के द्वारा नगरीय निकाय चुनाव में शामिल न होने का निर्णय लिया गया है, इस तारतम्य में ज़िला कांग्रेस कमेटी आपसे निवेदन करती है कि, घोषित बैकुंठपुर एवं शिवपुर-चर्चा के नगरीय निकाय चुनाव को स्थगित करने की कृपा करें"

कोरिया के राजनैतिक संगठनों के भीतर या तो ज़िले के नक़्शे का प्रारुप बदलें या फिर बहिष्कार करें से कमतर कुछ स्वीकार्य नहीं की एकमात्र टेक है।

यह मसला बेहद भावनात्मक है और इसी के साथ साथ भयावह सियासती भी। कांग्रेस के ज्ञापन के शब्द इस सियासत को स्पष्ट करते हैं, दरअसल ज़िले को विभाजित करने का मसला जितना घातक कांग्रेस के लिए है उतना शायद ही किसी अन्य दल के लिए। कांग्रेस के भीतरखाने की सियासत जिसे नए ज़िले के गठन का श्रेय या कि जवाबदेह माना जाता है, वह तलवार की धार पर चलने जैसा ही करतब है, और इसलिए ज्ञापन के बोल घूमते फिरते से हैं।

कांग्रेस के घूमते फिरते शब्दों से बिलकुल अलग भाजपा सपा और बसपा के ज्ञापन हैं। भाजपा के बैकुंठपुर मंडल और शिवपुर चर्चा मंडल के साथ सपा बसपा गोंडवाना पार्टी ने दो टूक लिखा है - "कोरिया ज़िला विभाजन को लेकर जन भावना को देखते हुए कोरिया बचाव मंच की बैठक में सभी राजनैतिक दलों एवं गणमान्य नागरिकों के द्वारा नगरीय निकाय चुनाव में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया गया है, इसी तारतम्य में बैकुंठपुर और शिवपुर चर्चा के नगरीय निकाय चुनाव का बहिष्कार करते हैं"

Tags:    

Similar News