Cold News-ठंड का कहर जारी: पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश सहित इन राज्यों में अगले 24 घंटे के दौरान पड़ेगी कड़ाके की ठंड...

Update: 2023-01-15 11:08 GMT

एनपीजी डेस्क। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में ठंड कम हो गई है। मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर और ग्वालियर समेत प्रदेश के दूसरे शहरों में पारे में गिरावट आने से ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आज रात के तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। पंजाब और हरियाणा में अभी भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब के फरीदकोट में तापमान शून्य से भी नीचे चला गया है। इस वजह से प्रदेश में जबरदस्त ठंड का सामना यहां के लोगों को करना पड़ रहा है।

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित है। वहीं दूसरी तरफ लगातार हो रही बर्फबारी देखने के लिए पर्यटक यहां पहुंच रहे है। दिल्ली में कोहरे की वजह से कई उड़ाने देर से चल रही है। दिल्ली में दिन के तापमान में बीते दिन के मुकाबले 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों में तेजी से गिरावट आएगी। पहाड़ों से बर्फीली हवाएं मैदानी इलाकों में पहुंचेंगी।

दिल्ली की बात करें तो मौसम विभाग का कहना है कि 17 और 18 जनवरी को दिल्ली के आयानगर और रिज में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री के आसपास हो सकता है। वहीं अधिकतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस देखने को मिल सकता है. इसके अलावा राजधानी में घना कोहरा एक बार फिर सताएगा और शीतलहर से ठंड का प्रकोप बढ़ेगा।

उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत अन्य राज्यों में शीतकालीन अवकाश 15 जनवरी को खत्म होने जा रहा है और 16 जनवरी से स्कूल खोले जाने है। बढ़ती ठंड, गिरते तापमान और शीतलहर के आसार के चलते संभावना जताई जा रही है कि दिल्ली एनसीआर और राजस्थान समेत अन्य राज्यों में भी अवकाश को थोड़ा आगे बढ़ाया जा सकता है।

मौसम एजेंसी स्काई मेट वेदर के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश के पश्चिमी भागों और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में तापमान में और गिरावट आई है। गिलगित-बाल्टिस्तान, जम्मू कश्मीर, मुजफ्फराबाद, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों परभारी बारिश और हिमपात हुआ। तथा कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ हिमपात देखा गया।

अगले 24 घंटों के दौरान, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जिससे राजस्थान के कुछ और हिस्सों और हरियाणा के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति पैदा हो सकती है। कर्नाटक के आंतरिक हिस्सों और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी शीत लहर की स्थिति देखी जा सकती है।

पश्चिमी हिमालय पर जारी बारिश और हिमपात की गतिविधियां बंद हो जाएंगी। अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश और हिमपात हो सकता है। और पूर्वी असम में हल्की बारिश।


Tags:    

Similar News