CM के कार्यक्रम में सो रहे थे अधिकारी, घोर लापरवाही मानते हुए किया गया निलंबित

Update: 2023-05-01 05:29 GMT

NPG ब्यूरो

अहमदाबाद। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारी सोते हुए मिले। उन्हें लापरवाह व अनुशासनहीन मानते हुए निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री भूकंप प्रभावित लोगों को पुनर्वास पट्टा देने पहुंचे थे। इस दौरान नगरपालिका के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान सो रहे थे। जिसके चलते राज्य के शहरी विकास एवं आवास विभाग ने उनका निलंबन आदेश जारी किया है।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल इस समय राज्य के दौरे पर हैं। 28 अप्रैल को मुख्यमंत्री ने सुरेंद्र नगर का प्रवास किया था। जिसके बाद 29 अप्रैल को भी वे कच्छ जिले के दौरे पर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने यहां पहले भाजपा संगठन के कार्यक्रमों में शिरकत की। इसके बाद कच्छ जिले के मुख्यालय भुज में एक शासकीय कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भूकंप प्रभावित लोगों को पुनर्वास के तहत प्राप्त घरों के स्वामित्व प्रमाण पत्र का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को सनद-संपत्ति कार्ड बांटे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का जब संबोधन चल रहा था उस दौरान नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी जिगर पटेल सो रहे थे। जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था। जिसके बाद उनके खिलाफ राज्य के शहरी विकास और शहरी आवास विभाग ने कार्यक्रम खत्म होने के चंद घंटों बाद ही निलंबन आदेश जारी कर दिया। और जिगर पटेल को निलंबित कर दिया गया।

जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि ''घोर लापरवाही और कर्तव्य के प्रति समर्पण की कमी के लिए भुज नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी जिगर पटेल को निलंबित किया जाता है। उनका निलंबन आदेश गुजरात सिविल सेवा (अनुशासन और अपील) नियमावली, 1971 के नियम 5 (1) (ए) के तहत जारी किया जाता है। उनके आचरण और चूक के कारण अनुशासनात्मक कार्रवाई करना विभाग ने अपने आदेश में बताया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पटेल ने कच्छ में भूकंप प्रभावित लगभग 14,000 लोगों के पुनर्वास के लिए आवास के स्वामित्व के दस्तावेज वितरित किए।

Full View

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया था, ''(2001 के) भूकंप के बाद बहुत बड़े पैमाने पर प्रभावित लोगों का पुनर्वास किया गया। (प्रधानमंत्री) नरेंद्र भाई मोदी जी का भी कच्छ से गहरा लगाव है। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में कच्छ अनेक कठिनाइयों से निकलकर विकास पथ में अग्रणी बना है।''

Tags:    

Similar News