CG-VIDEO: जुलूस अपराधी का या पुलिस का...पुलिस के सामने अपराधी अकड़ दिखाया...पत्रकारों को हड़काया और पुलिस मूकदर्शक बनी रही
बिलासपुर 12 मई 2022। शहर में आतंक मचाने वाले गैंगस्टर का टशन पुलिस हिरासत में भी देखने को मिला है। जुलूस निकालने के दौरान भी आदतन बदमाश सीना तान के चलता रहा। एसा लग रहा था कि पुलिस का ख़ौफ़ ही उसके मन से खत्म हो गया है। इस दौरान आदतन बदमाश ऋषभ कवरेज करने वाले पत्रकारों को धमकाते हुए भी दिखा। जिस पर पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
ऐसा लग रहा है कि न्यायधानी पुलिस का ख़ौफ़ अपराधियो पर से कम होता जा रहा है। बदमाशो का गैंग थाने के सामने ही भिड़ने की हिमाकत करने के साथ ही शहर में गैंगवार कर दहशत फैला रहे हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुए हत्या के आरोपी एनएसयूआई महासचिव वसीम खान की गिरेबा तक हत्याकांड के लगभग ढाई माह बीत जाने के बाद भी बिलासपुर पुलिस के हाथ नही पहुँच सकें हैं। तो दूसरी तरफ व्यापारी पर जानलेवा हमले के आरोपी को व्यापारियों के दबाव के चलते लगभग एक माह बाद पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया जा सका है।
दरअसल, तोरवा थाना क्षेत्र के होटल इंटरसिटी मेन रोड के पास रहने वाले व्यापारी मनोज उभरानी पिता प्रकाश उभरानी बीते 11 अप्रैल की शाम 6 बजे अपने दोस्त रोहित अग्रवाल के साथ टहल रहे थे। इसी दौरान दयालबंद निवासी बदमाश ऋषभ पानीकर ने अपने अन्य साथियों के साथ मिल कर रॉड,स्टिक, लाठी से मनोज के ऊपर हमला कर दिया। हमले में व्यापारी गम्भीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती करवाया गया। व्यापारी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ तोरवा थाने में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया। हमले के बाद आरोपित फरार हो गया था। चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने अलग अलग से संगठनो के साथ मिल कर आईजी एसपी को शहर में बढ़ रहे अपराधों को लेकर ज्ञापन सौपा था। और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज व्यापारी संगठनो ने शटर गिरा कर मुख्यमंत्री से शिकायत की चेतावनी भी पुलिस प्रशासन को दी थी। जिसके बाद आनन फानन में एसएसपी पारुल माथुर ने आरोपी ऋषभ पानीकर को गिरफ्तार करने हेतु 9 सदस्यीय पुलिस टीम का गठन किया था।
फरारी के दौरान भी आरोपी सोशल मीडिया में स्टेट्स डाल कर पुलिस को चुनौती देता रहा। इसके अलावा भी सोशल मीडिया में आरोपी हथियारों के साथ स्टेटस डाल कर अपनी दहशत फैलाता था। दहशत कायम करने के लिये उसने अपने ऑफिस की दीवारों पर खतरनाक धमकी भरे डायलॉग लिख रखे थे।
व्यापारियों ने पुलिस पर आरोपी को गिरफ्तार नहीं करने के आरोप भी लगाए थे। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से हिरासत में लिया। आरोपी का दो दिन का रिमांड पुलिस ने लिया था। इस दौरान पुलिस आज विवेचना के क्रम में उसे उसके घर लेकर पहुचीं। जुलूस की शक्ल में पैदल घर तक ले जाने के दौरान पुलिस कर्मियों के बीच भी आरोपी ऋषभ पूरे टशन में दिखा। गिरफ्तारी के बाद भी वह सीना तानकर अपने पूरे तेवरों के साथ चलता रहा। इस दौरान उसने कवरेज कर रहे पत्रकारों को धमकाया और पुलिस मूकदर्शक बनी देखती रही।
मुख्यमंत्री प्रवास के दौरान हुए हत्याकांड के आरोपी को गिरफ्तार नही कर सकी पुलिस
दिनांक 25 फरवरी को मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान हुए तालापारा हत्याकांड के मास्टरमाइंड को पुलिस अब तक गिरफ्तार नही कर सकी है। हत्याकांड का मास्टर माइंड एनएसयूआई के महासचिव वसीम खान को माना जा रहा है। पुलिस ने उसे आरोपी तो बनाया पर अब तक उसे गिरफ्तार नही कर सकी है। एक तरफ तो हत्या के प्रयास के आरोपी को पकड़ने के लिये पुलिस ने 9 सदस्यीय टीम का गठन कर दिया वही दूसरी तरफ हत्याकांड के आरोपी को गिरफ्तार करने के लिये कोई स्पेशल टीम अब तक गठित नही हो सकी है। गाहे बगाहे उसकी शहर में घूमने की बात चलती रहती है।