CG रिकॉर्ड तोड़ गर्मी: पहली बार छत्तीसगढ़ का पारा 47.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, रायपुर में 45 डिग्री पर पारा; जानें कब पड़ी थी इतनी गर्मी

मुंगेली में 47.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। रायपुर से लगे माना में 45.6, बिलासपुर में 45.4, दुर्ग में 44.6 और राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

Update: 2022-06-04 15:10 GMT

रायपुर, 04 जून 2022। छत्तीसगढ़ में शनिवार को रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ी। राज्य के दक्षिणी हिस्से को छोड़कर बाकी सभी जगह गर्मी से लोग बेहाल रहे। सुबह से ही सूरज की किरणें लोगों को चुभने लगी थीं। दोपहर तक गर्म हवाएं चलने लगीं। देर रात तक हवा गर्म रही। मुंगेली में सर्वाधिक 47.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। इससे 91 साल पहले रायपुर में 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। शनिवार को रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कई पैकेट में लू की स्थिति रही। राजधानी रायपुर में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। यही नहीं, रायपुर से लगे माना का तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

राज्य के प्रमुख केंद्रों के तापमान की बात करें तो रायपुर से भी ज्यादा तापमान बिलासपुर में रहा। यहां 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसी तरह दुर्ग में 44.6 डिग्री सेल्सियस, राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस, अंबिकापुर में 42.1 और पेंड्रारोड में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राज्य के दक्षिणी हिस्से जगदलपुर में 34.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग ने रविवार को भी राज्य के कुछ हिस्सों में लू चलने की चेतावनी दी है।

यही हालात बने रहेंगे

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक ऊपरी हवा का एक चक्रीय चक्रवाती घेरा पूर्वी उत्तरप्रदेश के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका पूर्वी उत्तरप्रदेश से नागालैंड तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक उत्तर दक्षिण द्रोणिका बिहार से उत्तर तटीय आंध्रप्रदेश तक 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। 5 जून को अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। प्रदेश में एक-दो पैकेट में ग्रीष्म लहर चलने अथवा ग्रीष्म लहर जैसे स्थिति रहने की सम्भावना है। प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है । पूर्वी भाग में गरज-चमक के साथ के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।

Tags:    

Similar News