पंचायत सचिव सस्पेंड: संभाग कमिश्नर के दौरे में गायब मिले 20 से ज्यादा को शोकॉज नोटिस, सीडीपीओ को...

Update: 2022-11-07 15:06 GMT

खैरागढ़। संभाग कमिश्नर महादेव कावरे ने एक महीने से गायब पंचायत सचिव को सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, बिना सूचना के गायब 20 से ज्यादा कर्मचारियों को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। संभाग कमिश्नर कावरे आज खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले के दौरे पर थे।

संभाग कमिश्नर कावरे ने खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले के कई दफ्तरों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ऑफिस के निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारियों के टेबल पर नेम प्लेट आवश्यक रूप से रखे जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर कार्यालय में स्थित लोक सेवा केंद्र में प्राप्त और लंबित आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करने कहा।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कार्यालय में 8 कर्मचारी, जनपद पंचायत खैरागढ़ के कार्यालय में 11 कर्मचारी और तहसील कार्यालय में 1 कर्मचारी अनुपस्थित मिला। सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस थमाया गया। साथ ही, जनपद पंचायत खैरागढ़ के निरीक्षण के दौरान एक माह से अधिक समय से अनुपस्थित रहने पर संबंधित कर्मचारी पंचायत सचिव बलदेव कंवर को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।


स्कूल में बच्चों से पूछे सवाल, सही जवाब पर पुरस्कार

प्राथमिक शाला रेंगकठेरा के निरीक्षण के दौरान कावरे ने बच्चों को पढ़ाया। उनसे कुछ सवाल पूछे, जिस पर कक्षा तीसरी की छात्रा मानसी गुप्ता ने सही जवाब दिया तो संभाग कमिश्नर ने पुरस्कृत किया। उन्होंने विद्यालय में मध्याह्न भोजन का जायजा लिया। साथ ही, विद्यालय में शौचालय की व्यवस्था नहीं पाए जाने पर फटकार लगाते हुए तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

सीडीपीओ को थमाया कारण बताओ नोटिस

संभाग कमिश्नर कावरे ने आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 2 रेंगा कठेरा के निरीक्षण के दौरान विभाग द्वारा निर्धारित मेनू का पालन नहीं किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारी सीडीपीओ को कारण बताओ नोटिस थमाया। साथ ही, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए।

Tags:    

Similar News