नड्डा की सभा में जुटेंगे 56 हजार कार्यकर्ता: राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की सभा 9 को, तैयारी कराने आ रहे शिवप्रकाश

Update: 2022-09-02 05:33 GMT

रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 9 सितंबर को राजधानी में कार्यकर्ताओं की बड़ी सभा को संबोधित करेंगे। इसमें प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर बूथ समिति के पदाधिकारियों को मिलाकर 56 हजार कार्यकर्ताओं को बुलाया जा रहा है। नड्डा की सभा के जरिए भाजपा चुनावी शंखनाद करेगी, इसलिए राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश कुछ देर में राजधानी पहुंचेंगे। वहीं, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल कल आएंगे। वे फिलहाल असम में हैं।

आरएसएस की अखिल भारतीय समन्वय बैठक में शामिल होने के लिए नड्डा 9 सितंबर को ही दोपहर राजधानी पहुंच जाएंगे। राजधानी में कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के आसपास किसी स्थान पर उनकी सभा कराने की तैयारी है। इसके लिए सभी जिलों में बैठकों का दौर चल रहा है। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश भी राजधानी पहुंचने के बाद राजनांदगांव जाएंगे। वहां दुर्ग संभाग की बैठक होनी है। इस बैठक में सभी जिलाध्यक्ष, संभाग, जिला और विधानसभा प्रभारी हिस्सा लेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव दिल्ली में

प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव फिलहाल दिल्ली में हैं। चर्चा है कि वे अपनी नई कार्यकारिणी की सूची लेकर दिल्ली गए हैं। हालांकि NPG.News से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। फिलहाल नई कार्यकारिणी के संबंध में समय सीमा बता पाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा कराने की प्राथमिकता है। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन लेकर नई टीम घोषित की जाएगी।

Similar News