मेयर के हाथ में उल्टा तिरंगा: राजनांदगांव की मेयर हेमा देशमुख के खिलाफ थाने में शिकायत, भाजपा बोली- अब FIR दर्ज कराए कांग्रेस

Update: 2022-08-08 15:57 GMT

राजनांदगांव। राजनांदगांव की मेयर हेमा देशमुख पर उल्टा तिरंगा लेकर कांवर यात्रा में शामिल होने के आरोप लगे हैं। भाजपा पार्षद व कार्यकर्ताओं ने इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही, कांग्रेस से सवाल किया है कि धमतरी में भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ केस कराने वाले कांग्रेसी अब मेयर पर कार्रवाई करने की हिम्मत दिखाएं।


मेयर देशमुख सोमवार को कांवर यात्रा में शामिल हुईं। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सभी अपने हाथ में तिरंगा रखे थे। इसमें मेयर के हाथ में जो तिरंगा है, उसमें हरा रंग ऊपर और केसरिया रंग नीचे है। यह वीडियो और तस्वीर सामने आने के बाद बवाल मच गया। भाजपा ने मेयर पर तिरंगे के अपमान का आरोप लगाया है।


भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा ने मेयर द्वारा कांवर यात्रा में उल्टा तिरंगा लेकर शामिल होने की निंदा की है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार केवल द्वेष की भावना से भाजपा के कार्यकर्ताओं पर कारवाई कर रही है। इस घटना की जितनी निंदा की जाए वह कम है। राष्ट्रीय ध्वज को लेकर कांग्रेस संवेदनशील नहीं है और केवल इस पर राजनीति कर रही है।

धमतरी के मामले में कांग्रेस द्वेष की राजनीति करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ मामले दर्ज करा चुकी है। अब क्या कांग्रेस अपने महापौर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएगी? कांग्रेस ने धमतरी के भाजपा जिलाध्यक्ष पर मामला दर्ज किया है तो राजनांदगांव के महापौर पर भी तत्काल अपराधिक मामला दर्ज करे नहीं तो भाजपा उग्र आंदोलन करेगी और न्यायालय का सहारा लेगी।

Tags:    

Similar News