खेती के लिए बांध से पानी: जहां बारिश कम हुई है, वहां के किसानों को बांध से पानी देने के निर्देश, तांदुला से आपूर्ति शुरू

हरेली पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम भूपेश बघेल ने किया ऐलान।

Update: 2022-07-28 13:54 GMT

रायपुर। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हुई है, लेकिन कई हिस्से ऐसे हैं, जहां पानी की कमी है। इससे किसानों को खेती-किसानी में दिक्कत होने लगी है। इस परिस्थिति को देखते हुए सीएम भूपेश बघेल ने किसानों को बांध से पानी की आपूर्ति करने का ऐलान किया है। सीएम के निर्देश के बाद तांदुला बांध से पानी की आपूर्ति शुरू कर दी गई है।

सीएम भूपेश बघेल हरेली पर्व के मौके पर गुरुवार को पाटन ब्लॉक के करसा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने करसा गौठान में गौ-मूत्र की खरीदी का शुभारंभ किया और समूह की महिलाओं से चर्चा कर आय मूलक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। सीएम ने इस मौके सभी लोगों को हरेली पर्व की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेली तिहार हमारे प्रदेश का पहला त्योहार है। इस बार अधिकांश जगहों पर अच्छी बारिश हुई है। कहीं-कहीं बारिश कम होने की वजह से दिक्कत भी है। सिंचाई के लिए जलाशयों से पानी छोड़े जाने की मांग भी आ रही है। जलाशयों से किसानों के जरूरत के मुताबिक सिंचाई के लिए पानी दिया जाएगा। तांदुला जलाशय से सिंचाई के लिए पानी छोड़ा गया है। उन्होंने करसा ग्राम पंचायत के विकास के लिए 25 लाख और घुघवा के लिए 15 लाख रुपए की घोषणा की।

सीएम ने कहा कि हमारी सरकार किसानों और ग्रामीणों की सरकार है। किसानों की आय बढ़ाने हमने निरंतर कार्य किया है। बीते साल हमने समर्थन मूल्य पर 98 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा था। इस साल 110 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य हमने रखा है। छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी नीतियों के चलते खेती-किसानी समृद्ध हुई है, धान का रकबा और किसानों की संख्या बढ़ी है। उत्पादन बढ़ा है। खेती छोड़ चुके लोग भी अब खेती से जुड़ने लगे हैं। गांवों के वह लोग जो खेती-किसानी छोड़कर शहरों में बसे थे, अब वह गांवों की ओर लौटने लगे हैं। खेती से जुड़ने लगे है। हमारी सरकार की नीतियों के चलते अब रिवर्स माईग्रेशन (शहरों से गांवों की ओर) होने लगा है।

Tags:    

Similar News