JH सरकार भागती फिर रही: रांची की मेयर ने झारखंड के साथ छत्तीसगढ़ सरकार को घेरा, कहा- जनता के पैसे पर करा रहे मेहमाननवाजी

Update: 2022-09-01 10:35 GMT

रायपुर। झारखंड में मची सियासी खलबली के बीच राजधानी पहुंची रांची की मेयर ने आशा लकड़ा ने आरोप लगाया है कि जब से झारखंड में यूपीए की सरकार बनी है, तब से भागती फिर रही है। राज्य की जनता ने उन्हें विकास करने के लिए चुना, लेकिन वे राज्य छोड़कर छत्तीसगढ़ भागकर आ गए हैं। यहां छत्तीसगढ़ की सरकार जनता के पैसे से फाइव स्टार होटल में मेहमाननवाजी कर रही है। यह जनता के पैसे की लूट है।

कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में स्वावलंबी भारत अभियान के संबंध में बैठक लेने के बाद भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री और रांची की मेयर लकड़ा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि झारखंड में जो कुछ हो रहा है, वह राज्य के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। जब से जेएमएम और कांग्रेस की सरकार बनी है, तब से लोगों ने देखा है कि महिलाओं को जलाया जा रहा है। बलात्कार हो रहे हैं। उपद्रवी आंदोलन हो रहे हैं। खतरनाक घटनाएं घट रही हैं। इन सबके बीच सरकार इधर से उधर भागे-भागे फिर रही है।

लकड़ा ने कहा, 'जिस तरह से हमारे राज्य के मुख्यमंत्री स्वयं भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्हें भाजपा ने नहीं कहा कि भ्रष्टाचार करें। उन्हें स्वयं अपनों से डर है। भाजपा अपने काम में लगी है। स्वावलंबी अभियान के तहत मैं रायपुर आई हूं। मैं हेमंत सोरेन के बारे में कुछ नहीं कह रही। उन्हें अपने परिवार से डर है। भाजपा ने नहीं कहा कि हम सरकार बना रहे हैं।'

कानूनी सलाह के बगैर राज्यपाल कैसे कहेंगे

लकड़ा ने कहा कि राज्यपाल ने मंतव्य के लिए पत्र लिखा है। कानूनी सलाह के बगैर वे कुछ नहीं कह सकते। मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। यह सबके सामने आ गया है। भाजपा ने यह नहीं कहा था कि वे अपने, अपने भाई या पत्नी के नाम पर लीज लें। सीएम कानून व्यवस्था दुरुस्त करने में असमर्थ हैं। वे अपनों से डरकर भाग रहे हैं। भाजपा ने उन्हें नहीं भगाया है।

लोगों को स्वावलंबी बनाने छत्तीसगढ़ में टीम

भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री व रांची मेयर लकड़ा ने बताया कि भाजपा ने केंद्रीय स्तर पर स्वावलंबी भारत अभियान शुरू किया है। इसकी बैठक केंद्रीय स्तर पर हो चुकी है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ की प्रांतीय टोली की बैठक हुई। अब आगे जिले स्तर पर टीमें बनाई जाएंगी। इसके जरिए लोगों को केंद्र सरकार की स्व रोजगार की योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। किसानों, महिलाओं, स्व सहायता समूह व विद्यार्थियों को स्व रोजगार से जोड़ा जाएगा। इस दौरान भाजपा के प्रदेश मंत्री विजय शर्मा, भाजयुमो अध्यक्ष अमित साहू, प्रदेश मंत्री अमित मैसेरी मौजूद थे।

Tags:    

Similar News