CM भूपेश का BJP पर बड़ा हमला: झारखंड में हॉर्स ट्रेडिंग करना चाहती है भाजपा, पहले राज्यपाल बताएं चिट्‌ठी आई या नहीं?

Update: 2022-09-01 08:50 GMT
CM भूपेश का BJP पर बड़ा हमला: झारखंड में हॉर्स ट्रेडिंग करना चाहती है भाजपा, पहले राज्यपाल बताएं चिट्‌ठी आई या नहीं?
  • whatsapp icon

रायपुर। झारखंड के विधायकों को छत्तीसगढ़ लाने के बाद मचे सियासी बवाल के बीच सीएम भूपेश बघेल ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। सीएम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पहले राज्यपाल बताएं कि उन्हें चिट्‌ठी आई है कि नहीं। आई है तो रोके क्यों हैं। आखिर क्यों नहीं खोल रहे हैं। यह स्पष्ट करना चाहिए। सीएम ने कहा कि भाजपा हॉर्स ट्रेडिंग करना चाहती है, जिससे चिट्‌ठी खुले उससे पहले खरीद-फरोख्त कर लें।

भेंट मुलाकात के लिए रायगढ़ रवाना होने से पहले सीएम बघेल ने कहा कि झारखंड में डॉ. रमन सिंह या भाजपा को सफलता नहीं मिली, इसलिए उनका सिर शर्म से झुक गया है। यदि खरीद-फरोख्त कर लेते तो माथा ऊंचा हो जाता। भाजपा थैला लेकर खरीदने का प्रयास कर रही है। ईडी-आईटी से डराने का काम ये तो लगातार कर रहे हैं।

सीएम बघेल ने कहा, पूर्व सीएम रमन सिंह बताएं, ये तो हमारी पार्टी के और गठबंधन के विधायक आए हैं, वो तो दूसरी पार्टी के नेताओं का अपहरण कर ले जाते हैं। डरा-धमकाकर, लालच देकर, खरीद कर। मध्यप्रदेश में क्या हुआ। उस समय रमन सिंह की बोलती क्यों बंद थी। भाजपा का सिर क्यों नहीं झुका? राजस्थान के विधायकों को उठाकर लेगए थे। कर्नाटक, गोवा और अभी ताजा महाराष्ट्र के विधायकों को ले गए थे। वे क्या उनकी पार्टी के विधायक थे। यहां तो अपनी पार्टी के लोग हैं। गठबंधन के लोग हैं। अब उनका सिर नहीं झुका। प्रजातंत्र का चीरहरण कर रहे हैं। ये भी आए हैं इसीलिए उन्हें क्या शौक है। भाजपा बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। चुनी हुई सरकार को षड्यंत्रपूर्वक छल-बल से गिराओ, धमकाओ। कांग्रेस के विधायक कोलकाता में पैसा लेकर पकड़े गए थे। जेल में हैं। कौन खरीद रहा था, तब इनका सिर शर्म से नहीं झुका।

गाय के नाम से वोट भर मांग सकते हैं

सीएम ने कहा कि भाजपाई गाय के नाम से वोट भर मांग सकते हैं। गौ माता की सेवा नहीं कर सकते। गरीबों की बात भर कर सकते हैं। किसानों की आय दोगुनी करने की बात कर सकते हैं, लेकिन करते नहीं। वे केवल भावनात्मक शोषण करते हैं। काम नहीं करते। छत्तीसगढ़ में काम हो रहा है। पीएम प्रशंसा करते हैं पर भाजपा आलोचना करती है। छग की संस्कृति की ताकत देखिए अमित शाह आए तो बैल की पूजा किए। पोला का त्योहार था। मैंने निमंत्रण दिया था। हमें खुशी है कि दूसरे लोग भी छत्तीसगढ़ की संस्कृति को अपना रहे हैं।

Tags:    

Similar News