चंदेल नेता प्रतिपक्ष!! BJP अध्यक्ष के बाद नेता प्रतिपक्ष भी बदले जाएंगे... विधायक दल की बैठक में होगा ऐलान

Update: 2022-08-09 14:36 GMT
चंदेल नेता प्रतिपक्ष!! BJP अध्यक्ष के बाद नेता प्रतिपक्ष भी बदले जाएंगे... विधायक दल की बैठक में होगा ऐलान
  • whatsapp icon

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा का अध्यक्ष बदलने के बाद अब नेता प्रतिपक्ष को भी बदला जाएगा। भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने इस पर फैसला कर लिया है। हालांकि यह आदेश कब तक होगा, यह तय नहीं हैं। संभवतः नए प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के पदभार ग्रहण के बाद विधायक दल की बैठक बुलाई जाए और उसमें नए नेता प्रतिपक्ष का ऐलान हो। इसमें हड़बड़ी इसलिए नहीं है, क्योंकि फिलहाल विधानसभा का कोई सत्र नहीं है। नेता प्रतिपक्ष का हटना इसलिए तय है, क्योंकि एक ही जिले में दोनों बड़े पद नहीं दे सकते।

विधानसभा के नए नेता प्रतिपक्ष के लिए जो नाम प्रमुख रूप से चर्चा में हैं, उसमें बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर और नारायण चंदेल हैं। दो दिन पहले पार्टी ने चंद्राकर को मुख्य प्रवक्ता बनाया है, इसलिए चंदेल की दावेदारी तगड़ी हो जाती है। इस तरह कुर्मी के बदले कुर्मी का भी समीकरण बनता है। बृजमोहन अग्रवाल को भी नेता प्रतिपक्ष बनाया जा सकता है। वे सीनियर हैं। संसदीय नियम प्रक्रिया के जानकार भी हैं। विधानसभा में महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की शुरुआत करते हैं।

नेता प्रतिपक्ष बदलने की बात इसलिए भी अब जोर पकड़ रही है, क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष दोनों एक ही जिले के हो गए हैं। ऐसे में राजनीतिक संतुलन के लिए भी इसे जरूरी माना जा रहा है। वैसे नेता प्रतिपक्ष के लिए पुन्नूलाल मोहले भी एक नाम बताए जा रहे हैं। मोहले ने नाम की चर्चा पहले भी हो चुकी है। जब धरमलाल कौशिक के नाम का ऐलान किया गया था, तब मोहले के नाम की भी बड़ी चर्चा थी। हालांकि नियम प्रक्रिया और संसदीय वक्तृत्व कौशल के मामले में उनकी शैली अलग है। राजनीतिक मंच पर उन्हें बेहतर वक्ता माना जाता है।

Tags:    

Similar News