चचेरे भाई के कांग्रेस प्रवेश से कोई फर्क नहीं: सांसद संतोष पांडेय ने कहा- वन मंत्री को डर है कि वे विधायक बनेंगे या नहीं?

Update: 2022-09-18 16:09 GMT

कवर्धा। राजनांदगांव के भाजपा सांसद संतोष पांडेय का चचेरे भाई विजय पांडेय के कांग्रेस प्रवेश के बाद बयान आया है। इसमें उन्होंने कहा है कि विजय पांडेय के कांग्रेस में जाने से उन पर या भाजपा पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। साथ ही, उन्होंने कांग्रेस को यह चेतावनी दी है कि कवर्धा में यह सब चलने वाला नहीं है।

सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स में यह बताया जा रहा है कि उनके भाई ने कांग्रेस में प्रवेश किया है। कांग्रेस के नेता भी इस पर वाहवाही बटोरने की कोशिश कर रहे हैं। वास्तव में उनके सगे भाई का नाम सत्यनारायण पांडेय, संदीप पांडेय और संजय पांडेय है, जो अपने अपने कार्य में व्यस्त हैं। इनका राजनीति से दूर-दूर तक कोई लेना देना नहीं है। विजय पांडेय चचेरे भाई हैं। 45-50 साल से उनका और परिवार का कारोबार अलग है। समय-समय पर मेल मुलाकात होना अलग बात है।

सांसद पांडेय ने कहा कि जब से कवर्धा में झंडा प्रकरण हुआ है और जिस प्रकार उसमें वन मंत्री मोहम्मद अकबर और उनके लोगों का रोल रहा है। जिस प्रकार से रोहिंग्या और उनके लोगों ने ये फसाद किया है, तब से वे (वन मंत्री) भयभीत नजर आते हैं। वे भयाक्रांत है। एक बार तो कवर्धा में छह-सात सौ गाड़ी लेकर आ गए थे। ऐसा भयभीत व्यक्ति ही कर सकता है। उन्हें डर है कि आगे वह विधायक बनेंगे कि नहीं? सांसद ने कहा कि ये सब धरे के धरे रह जाएंगे और इस समय कवर्धा में ये चलने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि 1983 से वे यहां काम कर रहे हैं। ठंड, गर्मी, बरसात में सब तरह के थपेड़ों को झेल कर यहां पहुंचे हैं।

इसलिए हुआ बवाल

वनमंत्री मोहम्मद अकबर की मौजूदगी में भाजपा व्यवसायी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विजय पांडेय ने कांग्रेस प्रवेश कर लिया। पांडेय सांसद के चचेरे भाई हैं। वे हिंदुस्तान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने वन मंत्री को अपने घर पर चाय-पानी के लिए बुलाया था। इस पर पार्टी की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इससे आहत होकर पांडेय ने कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया। साथ ही, यह भी कहा कि 15 सालों में जो काम नहीं हुए थे, वे काम अब हो रहे हैं। इसमें संकरी नदी पर पुलिया निर्माण का भी उल्लेख किया है।


विजय पांडेय ने वनमंत्री मोहम्मद अकबर की मौजूदगी में कांग्रेस प्रवेश किया।

Tags:    

Similar News