CG विधायक कॉलोनी में चोर: डी मार्ट में चोरी करने वाले रहते थे विधायक कॉलोनी में, सिक्योरिटी गार्ड ही था चोरी में शामिल
रायपुर। डी-मार्ट में चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी और कोई नहीं, बल्कि डी मार्ट का सिक्योरिटी गार्ड था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी पकड़े गए। पुलिस टीम ने जब आरोपियों से सामान ने बारे में पूछा तो उन्हें यह जानकर झटका लगा कि आरोपी चोरी का सारा माल विधायक कॉलोनी में छिपाते थे। इनमें एक आरोपी विधायक कॉलोनी में रहता था।
जानकारी के मुताबिक डी मार्ट के मैनेजर अतीम भौमिक हर दिन सुबह 7 बजे स्टोर चेक करने आते थे। इस दौरान सुनसान रहता था। इसका फायदा उठाकर सिक्योरिटी गार्ड ईश्वर प्रसाद यादव झोला और बैग में चोरी कर सामान बाहर निकालता था। यादव का साथी गुलाब सिंह देवांगन चोरी का सारा सामान विधायक कॉलोनी स्थित अपने रूम ले जाता था।
सीसीटीवी फुटेज में पता चला कि दो अक्टूबर से 24 अक्टूबर के बीच कई बार चोरी हुई, लेकिन एक दिन सफाई कर्मी ने देख लिया। इसके बाद जब स्टॉक की जांच की गई, तब चोरी का पता चला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से डी-मार्ट के शर्ट, जींस पैन्ट, स्टील थर्मस, एलईडी बल्ब, काजू, बादाम और अखरोट के पैकेट, तेल का डिब्बा, साबुन, फ्रेशनर व अन्य ब्रांडेड सामान बरामद हुए। इन सामानों की कीमत दो लाख बताई जा रही है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है।
ये हैं आरोपी
1. ईश्वर प्रसाद यादव, उम्र 29 वर्ष, निवासी - ग्राम गेड़ापाली थाना भठगांव जिला बलौदा बाजार, वर्तमान पता - विधायक कॉलोनी ब्लाक नं. 17, म.नं. 03 थाना तेलीबांधा रायपुर
2.गुलाब सिंह देवांगन, उम्र 34 वर्ष, निवासी - कांदुल थाना अर्जुदा जिला बालोद, वर्तमान पता - विधायक कालोनी ब्लाक 17, म.नं. 06 थाना तेलीबांधा रायपुर