BJP जिलाध्यक्ष: 5 नए जिले समेत दर्जनभर जिलाध्यक्ष बदलेंगे, लिस्ट दिवाली के बाद; कल बिलासपुर, परसों रायपुर में बैठक

Update: 2022-10-17 08:52 GMT

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में जल्द ही पांच नए जिलों में अध्यक्ष की नियुक्ति होगी। वहीं, लगभग दर्जनभर जिलों के अध्यक्ष बदले जाएंगे। इसकी तैयारी हो चुकी है। हालांकि लिस्ट दिवाली के बाद निकलेगी। इससे पहले मंगलवार को बिलासपुर और बुधवार को रायपुर संभाग की बैठकें होंगी। इसमें क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल रहेंगे।

भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रदेश की कार्यकारिणी में परिवर्तन किया गया था। इसके बाद लगभग सभी जिलाध्यक्षों को बदलने की चर्चा तेज हो गई थी। हालांकि नई कार्यकारिणी की घोषणा हुए महीनेभर हो गए हैं। इसके बाद भी जिलाध्यक्षों की लिस्ट नहीं आई है। इस कारण जिलाध्यक्षों ने काम करना बंद कर दिया है। आलम यह है कि नए कार्यक्रमों को लेकर भी जिलाध्यक्ष लिस्ट का इंतजार कर रहे हैं। इस संबंध में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल के सामने भी बात रखी गई है। गंगरेल में हुई बैठक में भी अक्टूबर तक हर हाल में जिलाध्यक्षों के ऐलान का निर्णय लिया गया है। इस बात की चर्चा है कि पहले पांच नए जिलों सक्ती, मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर, खैरागढ़ छुईखदान गंडई, मानपुर मोहला अंबागढ़ चौकी और सारंगढ़-बिलाईगढ़ की घोषणा होगी। इसके बाद जिलाध्यक्ष बदले जाएंगे।

आंदोलन की बनेगी रणनीति

बिलासपुर संभाग की 18 अक्टूबर को होने वाली बैठक में महतारी हुंकार रैली की रणनीति पर बात होगी। इसमें एक लाख की भीड़ जुटाने का लक्ष्य है। पहली बार रायपुर के बजाय बिलासपुर संभाग में भाजपा बड़ा आंदोलन कर रही है। बिलासपुर संभाग से ही प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष के साथ-साथ सबसे ज्यादा विधायक हैं, इसलिए इस आंदोलन को सफल बनाने पूरी पार्टी को झोंकने की तैयारी है। इसके बाद 19 अक्टूबर को रायपुर संभाग में बैठक होगी।

Tags:    

Similar News